ETV Bharat / state

मां ने ही बच्चों को खिलाया था जहर वाला लड्डू, पहले पति से की बात.. फिर उठाया खौफनाक कदम

औरंगाबाद में पति से विवाद के बाद महिला ने अपने ही बच्चों की जान ले ली. पुलिस ने मां को गिरफ्तार किया. पढ़ें खबर-

Aurangabad children death
औरंगाबाद में बच्चों की हत्या (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : January 6, 2026 at 8:17 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

औरंगाबाद: बिहार के औरंगाबाद जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. ओबरा प्रखंड के खुदवां थाना क्षेत्र के पथरा गांव में पिछले महीने दो मासूम भाई-बहन की जहरीले लड्डू खाने से मौत हो गई थी. मृतकों में 6 वर्षीय दिव्यांशु कुमार और उसकी 8 माह की बहन अंशिका कुमारी शामिल हैं.

ग्रामीणों पर लगाया था आरोप: घटना के समय बच्चों की मां संयुक्ता कुमारी ने दावा किया था कि बच्चे बाहर से लड्डू लाए थे और उसे खाने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई. मां ने आरोप लगाया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने बच्चों को जहर मिला लड्डू दिया. इस बयान के बाद गांव में हड़कंप मच गया और तरह-तरह की अफवाहें फैलने लगी.

पुलिस की जांच में शक की सुई मां पर: घटना के बाद पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्चों की मौत जहर से होने की पुष्टि हुई. जांच के दौरान शक बार-बार मां संयुक्ता कुमारी पर जा रहा था. पुलिस को संदेह हुआ कि मां कुछ छिपा रही है, क्योंकि उसमें जहर के कोई लक्षण नहीं दिखे.

पति से फोन पर हुआ था झगड़ा: पूछताछ में संयुक्ता ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. उसने बताया कि उसका पति रवि भारती बाहर मजदूरी करता है और अक्सर फोन पर झगड़े होते रहते हैं. घटना वाले दिन 8 दिसंबर 2025 को भी पति से विवाद हुआ था और गुस्से में उसने पति को धमकी दी थी.

सल्फास मिलाकर खिलाया लड्डू: गुस्से में संयुक्ता छत पर गई और गेहूं में डालने के लिए रखी सल्फास की गोली लड्डू में मिला दी. उसने खुद भी जहर खाया और बच्चों को भी खिला दिया. कुछ देर बाद अंशिका की तबीयत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई. इसके बाद दिव्यांशु को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन आधी रात में उसकी भी मौत हो गई.

पुलिस ने मां को किया गिरफ्तार: पुलिस ने ठोस सबूतों के आधार पर संयुक्ता कुमारी को गिरफ्तार कर लिया. थानाध्यक्ष सुशील कुमार ने बताया कि महिला ने पूछताछ में पूरा जुर्म कबूल कर लिया है. आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे जेल भेज दिया गया है. परिवार और गांववासी शोक में डूबे हैं, जबकि पुलिस आगे की जांच कर रही है.

"दो बच्चों के मौत मामले में मां को गिरफ्तार किया गया है. वो मृत बच्चों की सगी मां है. पूछताछ में महिला ने बताया कि उसका पति बाहर रहकर मजदूरी का काम करता है. जिससे अक्सर फोन पर झगड़ा होता रहता था. घटना के दिन भी पति से फोन पर विवाद हुआ था. जिसके बाद उसने सल्फास की गोली लड्डू में मिलाकर खुद भी खाई और अपने बच्चों को भी खिला दी."-सुशील कुमार, थानाध्यक्ष

ये भी पढ़ें-

बिहार में मां ने तीन बच्चों संग कुएं में लगायी छलांग, दो मासूम की मौत

बिहार में दिल दहला देने वाली घटना, पिता ने 3 बच्चों संग दी जान