ETV Bharat / state

पत्नी की हत्या कर शव खेत में दफनाया.. ऊपर लगा दी गेहूं की फसल, बिहार में दहेज हत्या का सनसनीखेज खुलासा

नालंदा में दहेज के लिए नवविवाहिता की क्रूर हत्या का मामला सामने आया है. पति ने शव खेत में दफनाकर उसके ऊपर गेहूं बोया. पढ़ें-

woman murdered In Nalanda
नालंदा में दहेज हत्या (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : February 10, 2026 at 2:00 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

नालंदा: बिहार के नालंदा जिले के मानपुर थाना क्षेत्र के लोटन गांव में एक नवविवाहिता की दहेज के लिए निर्मम हत्या मामला सामने आया है. मृतका की पहचान 20 वर्षीय सबिता कुमारी के रूप में हुई है, जो लोटन गांव निवासी मनीष कुमार की पत्नी थी. महिला का शव दो महीने बाद गेंहू के खेत से मिला है.

बाइक और सोने की चेन की थी डिमांड: मृतका की मां ने बताया कि सबिता की शादी 1 जून 2025 को हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी. शादी के कुछ दिनों बाद ही ससुराल पक्ष ने बाइक और सोने की चेन जैसी दहेज की मांग शुरू कर दी. मांग पूरी न होने पर सबिता को लगातार प्रताड़ित किया जाता था और मारपीट की घटनाएं भी सामने आई थी.

नालंदा में दहेज के लिए नवविवाहिता की क्रूर हत्या (ETV Bharat)

"2 दिसंबर को बेटी से बात हुई थी, उसके बाद उससे बात नहीं हुई थी. जब बेटा देखने पहुंचा तो घर पर ताला लगाकर सभी लोग फरार हो गये थे. शादी के बाद से बाइक और सोने की चेन की डिमांड कर रहे रहे थे और नहीं देने पर बेटी के साथ मारपीट भी करते थे."-मृतका की मां

परिवार को अनहोनी की आशंका: मृतका के भाई के अनुसार, दिसंबर 2025 की शुरुआत में सबिता का मोबाइल अचानक बंद हो गया. जब उसका भाई ससुराल पहुंचे तो घर बंद मिला और पति मनीष कुमार सहित सभी लोग फरार थे. काफी खोजबीन के बाद भी कोई सुराग न मिलने पर 5 दिसंबर 2025 को मानपुर थाना में दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया गया. परिवार ने आरोप लगाया कि ससुराल वाले दहेज के लिए उसे पहले से ही मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे.

"गेंहू के खेत से लाश मिली है. दहेज की वजह से हत्या की गई है. लगातार पैसे की डिमांड की जा रही थी. मैंने बोला था अभी पैसा नहीं है, जब पैसे होंगे तब दे दिया जाएगा. दहेज के लिए मेरी बहन की दो महीने पहले हत्या कर दी गई है. आसपास के लोगों से घटना सूचना मिली, जब जाकर देखा तो ससुराल के सभी लोग घर में ताला लगाकर फरार हो गये थे."-मृतका का भाई

पति की गिरफ्तारी, लेकिन शव का कोई पता नहीं: मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की. पूछताछ और प्रयासों के बाद 14 जनवरी 2026 को मुख्य आरोपी पति मनीष कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया. हालांकि, उस समय तक शव बरामद नहीं हो सका था. पुलिस आरोपी से लगातार पूछताछ कर रही थी, लेकिन वह शव के बारे में कोई जानकारी नहीं दे रहा था.

woman murdered In Nalanda
परिजनों ने की कड़ी सजा की मांग (ETV Bharat)

गुप्त सूचना पर खेत में खुदाई: पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि सबिता का शव बहुआरा गांव के एक खेत में दफन है. आरोपियों ने सबूत मिटाने के लिए शव को दफनाकर उसके ऊपर गेहूं की फसल बो दी थी. शनिवार की शाम पुलिस मौके पर पहुंची और मजिस्ट्रेट की निगरानी में खुदाई कराई. दो महीने पांच दिन बाद शव बरामद हुआ, जो अत्यधिक सड़ चुकी अवस्था में था. इस खौफनाक खुलासे से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई.

परिजनों ने की कड़ी सजा की मांग: शव बरामद होने की सूचना पर रविवार दोपहर मृतका के मायके वाले मौके पर पहुंचे. शव को बिहार शरीफ मॉडल अस्पताल लाया गया. महिला के परिजनों ने आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की. शव की हालत खराब होने के कारण पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई है.

पुलिस कर रही अन्य आरोपियों की तलाश: मानपुर थाना अध्यक्ष अनिरुद्ध कुमार शर्मा ने बताया कि 5 दिसंबर 2025 को दहेज हत्या का आवेदन मिलने के बाद जांच चल रही थी. पति को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य आरोपियों (गोतियों और परिवारजनों) की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. मामले की विस्तृत जांच चल रही है और सबूत जुटाए जा रहे हैं.

"पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. मामले में पति को गिरफ्तार कर लिया गया है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है."-अनिरुद्ध कुमार शर्मा, थानाध्यक्ष, मानपुर

ये भी पढ़ें-

'8 लाख दिए, 3 लाख और मांग रहे थे' बेटी का शव घर के सामने फेंका, बिहार की ये घटना रुला देगी

बिहार के इस गांव में बैन है दहेज प्रथा, 29 सालों में नहीं दर्ज हुआ एक भी केस..थारू समाज की सदियों पुरानी परंपरा

'पापा बचा लो नहीं तो मार देंगे..', पिता पहुंचे तब तक दहेज की बली चढ़ चुकी थी बिहार की पूजा