ETV Bharat / state

यमुनानगर में महिला की हत्या, जिस पर रेप का आरोप उसी ने चाकू से गोदा

यमुनानगर में महिला की हत्या का मामला सामने आया. जिसपर रेप का आरोप था. उसी ने चाकू गोदकर महिला को मौत के घाट उतारा.

YAMUNANAGAR WOMAN MURDER
YAMUNANAGAR WOMAN MURDER (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : September 3, 2026 at 9:54 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

यमुनानगर: जगाधरी में रंजिश के चलते पड़ोस में रहने वाले युवक ने 24 वर्षीय महिला की चाकू से हत्या कर दी. परिजनों का आरोप है कि साजन ने महिला पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए. जान बचाने के लिए महिला पड़ोसी के घर में जा छिपी, लेकिन आरोपी वहां भी पहुंच गया और चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया. जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. घटना को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गया. वहीं आनन-फानन में महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. वारदात के समय घर में महिला के छोटे बच्चे और उसका देवर भी मौजूद थे.

जगाधरी में महिला की हत्या: परिजनों के मुताबिक, महिला और आरोपी के परिवार के बीच करीब डेढ़ साल से विवाद चल रहा था. महिला की ओर से पहले आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया गया था. बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता होने की बात सामने आई. परिवार का आरोप है कि इसके बावजूद रंजिश खत्म नहीं हुई. करीब पांच महीने पहले आरोपी पर महिला के पति से मारपीट का आरोप लगा था और इस मामले में उसे जेल भी जाना पड़ा था.

यमुनानगर में महिला की हत्या (ETV Bharat)

महिला ने भागकर जान बचाने की कोशिश की: बुधवार शाम आरोपी कथित तौर पर महिला के घर में घुसा. खतरा भांपकर महिला वहां से भागी और पड़ोसी के घर में जाकर छिप गई. साजन ने उसका पीछा किया और पड़ोसी के घर में घुसकर चाकू से हमला कर दिया. परिजनों के अनुसार महिला पर पांच से 6 वार किए गए, जिसमें गले पर किया गया वार बेहद गंभीर था.

वारदात के वक्त घर पर बच्चे और देवर थे मौजूद: वारदात के समय महिला का पति काम के सिलसिले में घर से बाहर था. घर में उसकी नौ महीने की बेटी, चार साल का बेटा और देवर मौजूद थे. महिला के देवर के मुताबिक, आरोपी ने चाकू लेकर उन्हें भी ललकारा. अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी और दहशत फैल गई. घटना की सूचना मिलते ही सिटी जगाधरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. DSP राजीव मिगलानी और थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए. पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है.

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस: जगाधरी सिटी थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह के मुताबिक "प्रारंभिक जांच में साजन द्वारा महिला पर चाकू से हमला किए जाने की बात सामने आई है. आरोपी वारदात के बाद फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई हैं. परिजनों के बयान दर्ज किए गए हैं. हत्या में इस्तेमाल हथियार और वारदात की पूरी स्थिति पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट व जांच के बाद स्पष्ट होगी."

ये भी पढ़ें- कुरुक्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, जवाबी कार्रवाई में दो आरोपी घायल, 7 राउंड हुई फायरिंग