महिला से दोस्ती कर किया दुष्कर्म, जबरन धर्म परिवर्तन कर करवाया निकाह, आरोपी गिरफ्तार
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने उसके नाम पर 80 लाख रुपए का लोन भी उठा लिया.

Published : June 3, 2026 at 7:31 PM IST
भीलवाड़ा: शहर में एक महिला से दोस्ती कर दुष्कर्म के बाद जबरन धर्म परिवर्तन करा निकाह करने का मामला सामने आया है. भीलवाड़ा शहर में रहने वाली एक 35 वर्षीय महिला ने आरोप लगाया है कि नौकरी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया. इसके बाद उसके आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करते हुए उसे दिल्ली ले जाकर जबरन धर्म परिवर्तन करवाकर निकाह किया गया. पीड़िता ने 1 करोड़ रुपए लूटने का भी आरोप लगाया है. जब पीड़िता इन सब से परेशान हो गई, तो उसने अब कानून की शरण ली है. मंगलवार को मामला दर्ज होने के बाद बुधवार को आरोपी शाहिद मंसूरी को गिरफ्तार कर लिया गया है.
मामले को लेकर प्रतापनगर थानाधिकारी सुनील ताड़ा ने बताया कि आरोपी शाहिद मंसूरी के खिलाफ दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग की धराओं के साथ-साथ राजस्थान धर्म परिवर्तन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. मामले की जांच की जा रही है.
'खजूर खिलाकर कलमा पढ़वाया': पीड़िता ने कहा कि उसकी बहन शाहिद मंसूरी की दुकान पर काम करती थी. इसी का फायदा उठाकर शाहिद ने जबरन उसका नंबर लिया और नौकरी का झांसा देकर उसे भीलवाड़ा के कांची रिसॉर्ट में बुलाया. पीड़िता का आरोप है कि वहां शाहिद ने उसके साथ दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो व तस्वीरें बना लीं. आरोप है कि इन्हीं वीडियो को वायरल करने और माता-पिता को जान से मारने की धमकी देकर ब्लैकमेलिंग करना शुरू कर दिया. पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद शाहिद उसे दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन दरगाह ले गया. वहां उसने खजूर खिलाकर जबरन कलमा–आयतें पढ़वाई और धर्म परिवर्तन कराकर निकाह किया.
पढ़ें: नाबालिग से किया दुष्कर्म, बनाए अश्लील वीडियो, धर्म परिवर्तन का डाला दबाव, आरोपी गिरफ्तार
'80 लाख का लोन उठाया': पीड़िता ने आरोप लगाया कि शाहिद के साथ-साथ उसके भाई जफर भी दुकान पर उसके साथ दुष्कर्म करता था. वहीं पीड़िता का आरोप है कि शाहिद ने अपने पिता, भाई और भतीजे के खातों में उससे 20 लाख रुपए ट्रांसफर करवा दिए और आभूषण भी हड़प लिए. पीड़िता के नाम पर 80 लाख रुपए का लोन भी उठा लिया. पीड़िता ने शादी के बाद आरोपियों पर इस्लामी तौर-तरीके अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि शाहिद की मौसी, बहनें और पिता मुझे जबरन नमाज पढ़ने, रोजा रखने, कुरान पढ़ने और नॉनवेज खाने के लिए प्रताड़ित करते थे. पीड़िता ने कहा कि अभी उस पर लाखों का कर्ज है. आरोपियों की प्रताड़ना से परेशान होकर कानून की शरण ली है. पीड़िता की मांग है कि ऐसे लोगों को कानून कड़ी से कड़ी सजा दे जिससे की कोई अन्य महिला इनका शिकार नहीं बनें.

