अश्लील फोटो-वीडियो वायरल होने से परेशान विवाहिता ने की आत्महत्या, तीन के खिलाफ मामला दर्ज
परिजनों का कहना है कि आरोपियों ने एक साल पहले विवाहिता के अश्लील फोटो–वीडियो बनाए थे.

Published : August 28, 2026 at 7:11 PM IST
धौलपुर: जिले में कंचनपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में अश्लील फोटो और वीडियो वायरल होने के बाद एक विवाहिता के आत्महत्या का मामला सामने आया है. मृतका के भाई ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है.
कंचनपुर थाना प्रभारी हरेन्द्र सिंह ने बताया कि मृतका के भाई ने अपने जीजा के साथ तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है. घटना की सूचना मिलने पर कंचनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पढ़ें: विवाहिता की संदिग्ध मौत: मृतका के पिता ने लगाया दहेज हत्या का आरोप, जांच में जुटी पुलिस
एक साल पहले बनाए थे अश्लील फोटो-वीडियो: मृतका के भाई की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2013 में उसकी बहन की शादी कंचनपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई थी. करीब एक वर्ष पहले आरोपी निरंजन उर्फ नरेंद्र पुत्र हेमसिंह ने विवाहिता के अश्लील फोटो और वीडियो बना लिए थे. आरोप है कि आरोपी इन फोटो-वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर विवाहिता को लगातार ब्लैकमेल कर रहा था. इस वजह से वह काफी समय से मानसिक रूप से परेशान चल रही थी.
पढ़ें: धौलपुर: विवाहिता से 6 महीने तक डरा-धमकाकर दुष्कर्म, आरोपी फरार, पुलिस तलाश में जुटी
भाइयों पर फोटो-वीडियो वायरल करने का आरोप: रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि मुख्य आरोपी निरंजन उर्फ नरेंद्र के भाई लक्ष्मण और रविंद्र ने हाल ही में विवाहिता के अश्लील फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए. पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी निरंजन उर्फ नरेंद्र मृतका के पति का रिश्ते में चचेरा भाई बताया जा रहा है. मामला दर्ज होने के बाद तीनों नामजद आरोपी निरंजन उर्फ नरेंद्र,लक्ष्मण और रविंद्र गांव से फरार बताए जा रहे हैं.

