जमुई में दरवाजे पर बैठी चाची के पेट में लगी गोली, भतीजे को मारने आए थे बदमाश
जमुई में भतीजे को मारने आए तीन अपराधियों ने दरवाजे पर खड़ी महिला पर गोली चलाई. महिला पटना रेफर. राजेश कुमार की रिपोर्ट

Published : August 22, 2026 at 10:42 AM IST
जमुई: बिहार के जमुई जिले के गिद्धौर थाना क्षेत्र के मौरा इलाके में शुक्रवार की रात एक गंभीर घटना घटी. तीन बदमाश एक युवक को गोली मारने के इरादे से घर पर पहुंचे, लेकिन गोली उसकी चाची को लग गई. इससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.
गोली मारने पहुंचे थे तीन बदमाश: घटना मौरा निवासी लुखड़ यादव के घर की है. घायल महिला की पहचान लुखड़ यादव की पत्नी रूपा देवी (50) के रूप में हुई है. परिजन सबिता देवी ने बताया कि तीनों बदमाश पैदल ही घर पहुंचे थे. उनका इरादा रूपा देवी के भतीजे सिंटू कुमार को मारना था.
महिला को पेट में लगी गोली: उसी समय सिंटू के घर के दरवाजे पर रूपा देवी खड़ी थीं. बदमाशों द्वारा चलाई गई गोली उन्हें लग गई. परिजनों के अनुसार बदमाशों ने कुल तीन गोलियां दागी, जिनमें से एक गोली रूपा देवी के पेट में लगी. घटना के बाद तीनों अपराधी मकई के खेत की ओर भाग निकले.

फायरिंग कर फरार हुए बदमाश: परिजनों का कहना है कि परिवार की किसी से कोई दुश्मनी नहीं है. वे बदमाशों को पहचान नहीं सके. तीनों बदमाश पैदल आए थे और घटना के बाद मकई खेत के रास्ते फरार हो गए.
"तीनों बदमाश पैदल ही घर पहुंचे थे. बदमाश रूपा देवी के भतीजे सिंटू कुमार को गोली मारने के इरादे से आए थे लेकिन रूपा देवी को गोली लग गई."-सबिता देवी, परिजन
पटना में चल रहा महिला का इलाज: घायल महिला को आनन-फानन में दिग्विजय सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गिद्धौर ले जाया गया. वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जमुई सदर अस्पताल रेफर कर दिया. सदर अस्पताल में इलाज के बाद उन्हें बेहतर उपचार के लिए पटना रेफर कर दिया गया.

खोखा और जिंदा गोलियां बरामद: घटना की सूचना मिलते ही गिद्धौर थानाध्यक्ष राशि मलिक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस ने मौके से एक खोखा और दो जिंदा गोलियां बरामद की हैं. पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है.
"घटना शुक्रवार की है. गोली मारने के लिए सिंटू नाम के युवक को निशाना बनाया गया था, लेकिन गोली उसकी चाची को लग गई. पुलिस सिंटू से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है."-राशि मलिक, थानाध्यक्ष, गिद्धौर
ये भी पढ़ें-
बिहार में वार्ड सदस्य की गोली मारकर हत्या, समझौता कराने के दौरान वारदात
दो गोली आंख और एक सीने में मारी, दवाई लाने गए शख्स की हत्या से हड़कंप
नालंदा में गरजी बंदूकें! युवक की गोली मारकर हत्या, दारोगा जख्मी

