यमुनानगर में महिला ने फर्श पर दिया बच्चे को जन्म, परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लगाया लापरवाही का आरोप
यमुनानगर में महिला ने फर्श पर बच्चे को जन्म दिया. मामले में महिला के परिजन ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाया.

Published : December 31, 2025 at 1:58 PM IST
यमुनानगर: जिले के छछरौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक महिला ने फर्श पर ही बच्चे को जन्म दे दिया. महिला के परिजन की मानें तो करीब 20 से 25 मिनट तक डॉक्टर महिला के पास नहीं पहुंचे, जिससे स्थिति गंभीर हो गई और महिला ने फर्श पर ही बच्चे को जन्म दे दिया.
डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप: मामले में महिला के पति शिवम ने लापरवाही का आरोप लगाया. शिवम ने कहा कि, "सुबह करीब 8 बजे अस्पताल पहुंचने के बाद भी कोई डॉक्टर उपलब्ध नहीं था. मेरी पत्नी दर्द से कराहती रही, लेकिन अस्पताल का स्टाफ समय पर मदद के लिए नहीं पहुंचा. आखिरकार मेरी पत्नी ने सामुदायिक केंद्र के फर्श पर ही बच्चे को जन्म दिया. इस दौरान कई बार डॉक्टरों को बुलाया गया, लेकिन मदद नहीं मिली.इसमें डॉक्टरों की लापरवाही है."
डॉक्टर की सफाई: वहीं, महिला के पति के आरोप को अस्पताल प्रबंधन ने सिरे से खारिज कर दिया. हालांकि बाद में उन्होंने जांच की बात कही. मामले में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सीनियर मेडिकल ऑफिसर वागैश गुटेन ने कहा कि, " महिला ने इमरजेंसी स्ट्रेचर पर जन्म दिया. इस मसले पर जांच की जाएगी."
बिहार की रहने वाली है महिला: परिजनों की मानें तो महिला बिहार के पूर्णिया जिले की रहने वाली है. यमुनानगर के भुखड़ी गांव में प्लाईवुड फैक्ट्री में काम करती है.उसका पति दिल्ली में मजदूरी का काम करता है.
बता दें कि मामले में जहां परिजनों ने डॉक्टरों पर और अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाया है. वहीं, दूसरी ओर अस्पताल प्रबंधन ने आरोप को सिरे से खारिज कर दिया. हालांकि जांच की भी बात कही है.

