श्रावस्ती में महिला किसान नेता आंचल मिश्रा का जला हुआ शव मिला, 14 दिन से लापता थीं
एसपी राहुल भाटी ने बताया, 25 वर्षीय महिला किसान नेता आंचल मिश्रा 14 दिन से लापता थीं. उनकी लाश जली हुई हालत में मिली है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : March 3, 2026 at 10:56 PM IST
श्रावस्ती: श्रावस्ती जिले में मंगलवार को 14 दिन से लापता एक महिला का पर्स, जूता व साड़ी जंगल से बरामद हुई. साथ ही मौके से शव के कुछ अवशेष भी बरामद किए गए हैं जिन्हें सघन जांच के लिए भेजा गया है. एसपी राहुल भाटी ने बताया कि लापता महिला किसान नेता आंचल मिश्रा का जला हुआ शव जंगल में मिला है. महिला 17 फरवरी को किसान यूनियन की बैठक में शामिल होने की बात कहकर घर से निकली थीं.
जंगल में मिला जला हुआ शव: बैठक के बाद से ही वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता थीं. सोमवार को दोपहर 2 बजे पुलिस ने मल्हीपुर थाना क्षेत्र के ककरदरी रेंज जंगल से महिला का जला शव बरामद किया. मल्हीपुर थाना क्षेत्र के बांसगढ़ी निवासी आंचल मिश्रा (25) पत्नी संतोष कुमार बीते 17 फरवरी से लापता थीं. पुलिस लगातार महिला की तलाश कर रही थी और इस दौरान मंगलवार को ककरदारी वन रेंज में महत्वपूर्ण सबूत मिले.
परिजनों ने सामान की पहचान की: एसपी राहुल भाटी ने बताया कि जंगल से महिला का पर्स, साड़ी व जूता बरामद किया गया है. साथ ही पुलिस को शव के कुछ अवशेष मिले हैं जिसके आंचल मिश्रा का होने की प्रबल आशंका जताई जा रही है. इन अवशेषों को पुलिस ने वैज्ञानिक जांच के लिए लैब भेज दिया है. ऐसी आशंका है कि महिला की हत्या कर साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को जलाया गया है.
पुलिस ने संदिग्धों से पूछताछ की: एसपी राहुल भाटी ने बताया कि महिला 14 दिन से लापता थी और उसका कहीं सुराग नहीं लग रहा था. इस बीच पुलिस कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर लगातार पूछताछ कर रही थी. हिरासत में लिए गए व्यक्ति की निशानदेही पर ही पुलिस ने जंगल में सर्च अभियान चलाया था.
फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए: इस अभियान के बाद ही महिला की साड़ी, जूता और पर्स बरामद हो सका. बरामद सामान आंचल का ही है, इसकी पुष्टि उसके पति संतोष की ओर से कर दी गई है. शव के अवशेष मिलने से हत्या की आशंका और गहरा गई है. फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं जिनकी बारीकी से जांच की जा रही है.
यह भी पढ़ें- कोडीन कफ सिरप मामला, कानपुर पुलिस ने आरोपी विशाल सिंह सिसोदिया को गिरफ्तार किया

