ETV Bharat / state

घर के अंदर खून से लथपथ पड़ा मिला महिला का शव, क्षेत्र में मचा हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस

महिला के शरीर पर कोई स्पष्ट बाहरी चोट नहीं मिली है. विसरा जांच के बाद ही मौत का कारण पता चल पाएगा.

KHATIMA OLD WOMAN DEATH
खटीमा वृद्ध महिला मौत (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : February 19, 2026 at 7:57 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

खटीमा: देवभूमि कॉलोनी में बीती देर रात उस समय सनसनी फैल गई जब घर पर अकेली रहने वाली वृद्ध महिला का शव संदिग्ध अवस्था में बंद घर में खून से लथपथ मिला. सूचना पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज मामले की जांच शुरू कर दी है.

देवभूमि कॉलोनी में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब घर में अकेली रह रही 65 वर्षीय महिला का शव संदिग्ध हालात में बंद कमरे से बरामद हुआ. घर के बाहर चैनल गेट पर ताला लगा होने से मामला और भी रहस्यमय हो गया है. मृतका जानकी देवी (65) पत्नी हरीश चंद, सितारगंज रोड स्थित देवभूमि धर्मशाला क्षेत्र में अपने मकान की पहली मंजिल पर अकेली रहती थीं. नीचे किरायेदार परिवार रहता है. उनका पुत्र प्रेम चंद गोरखा रेजीमेंट में पंजाब के गुरदासपुर बॉर्डर पर तैनात है, जबकि बेटियां पूनम और सुमन गुरुग्राम व दिल्ली में निवास करती हैं.

बताया जा रहा है कि जब बेटी ने कई बार मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की और कॉल रिसीव नहीं हुआ, तो उसने अपने चाचा को जानकारी दी. मौके पर पहुंचे परिजनों व स्थानीय लोगों ने वीडियोग्राफी के बीच चैनल का ताला तोड़ा. अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए. वृद्धा का शव घर के भीतर पड़ा मिला. उनका मोबाइल फोन चार्जिंग पर लगा मिला और साइलेंट मोड में था.

सूचना पर सीओ विमल रावत और कोतवाल विजेंद्र शाह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम ने बारीकी से साक्ष्य जुटाए. एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शीघ्र खुलासे का भरोसा दिलाया है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. डॉ. वीपी सिंह के अनुसार शरीर पर कोई स्पष्ट बाहरी चोट नहीं मिली है. मौत के कारण स्पष्ट न होने पर विसरा जांच के लिए भेजा गया है.

स्थानीय लोगों के अनुसार मृतका आध्यात्मिक संस्था ब्रह्मकुमारी से जुड़ी थीं. धार्मिक गतिविधियों में सक्रिय रहती थीं. घटना के बाद कॉलोनी में दहशत और आक्रोश का माहौल है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम गठित कर दी है. सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों से पर्दा उठ सकेगा.

पढे़ं- उधम सिंह नगर में वनकर्मियों पर फायरिंग का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, 12 बोर बंदूक भी बरामद

पढे़ं- 17 दिन बाद मिली लापता नाबालिग किशोरी, भगाने वाला आरोपी भी अरेस्ट, पॉक्सो में केस दर्ज