ETV Bharat / state

बानसूर में दीपक जलाने पर विवाद, मारपीट में महिला की मौत

कोटपूतली बहरोड जिले के बानसूर में हुए विवाद में महिला की मौत हो गई.

घायलों को अस्पताल ले जाया गया
घायलों को अस्पताल ले जाया गया (Source : Bansur Police)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : March 4, 2026 at 1:09 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

कोटपूतली बहरोड : राजस्थान के बानसूर क्षेत्र में मंगलवार देर रात दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना हाजीपुर के पास सीतावाली गांव की है, जहां खेत में दीपक जलाने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट में तब्दील हो गया.

थाना प्रभारी राजेश यादव ने बताया कि मंगलवार रात करीब 11 बजे मारपीट की सूचना मिली थी. पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच में दीपक जलाने को लेकर विवाद की बात सामने आई है. महिला की जयपुर में उपचार के दौरान मौत हो गई. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है. गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है.

पढ़ें. दो समुदायों के बीच पुराने विवाद को लेकर झड़प के बाद पत्थरबाजी, पुलिस तैनात

जानकारी के अनुसार, बाबूलाल यादव के पिता का लगभग एक वर्ष पहले निधन हो गया था. परिवार ने उनका दाह संस्कार अपने खेत में ही किया था. तब से बाबूलाल रोजाना अपने पिता की दाह संस्कार स्थल पर दीपक जलाता था. मंगलवार देर शाम इसी बात को लेकर दूसरे पक्ष के लोगों ने आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और मारपीट शुरू हो गई.

इलाज के दौरान महिला की मौत : आरोप है कि दूसरे पक्ष के रामकुंवार, दलीप यादव, ओमप्रकाश, राजू सहित कुछ महिलाओं ने बाबूलाल और उसके परिवार पर हमला कर दिया. इस हमले में बाबूलाल यादव और 38 वर्षीय रवि देवी गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को एम्बुलेंस से बानसूर उप जिला अस्पताल ले जाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को कोटपूतली रेफर कर दिया गया. रवि देवी की हालत अत्यंत गंभीर होने के कारण उन्हें जयपुर भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.