मातम में बदली खुशियां, जुड़वा बच्चों के जन्म के बाद मां की मौत
मोतिहारी में जुड़वां बच्चों को जन्म देने के बाद महिला की मौत हो गई है. परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया. रिपोर्ट-रोहित राज

Published : August 21, 2026 at 1:27 PM IST
मोतिहारी: बिहार के मोतिहारी में में प्रसव के बाद एक 22 वर्षीय महिला की मौत का मामला सामने आया है. मृतका की पहचान चहिलाहा कटहरिया, वार्ड नंबर-11 निवासी अरविंद कुमार की पत्नी विनीता कुमारी के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार विनीता की शादी साल 2021 में हुई थी. प्रसव के लिए उसे 18 अगस्त 2026 को एक क्लिनिक में भर्ती कराया गया था.
महिला ने जुड़वा बच्चों को दिया था जन्म: महिला के देवर दीपेश कुमार का कहना है कि 19 अगस्त को विनीता ने जुड़वां बच्चों को जन्म दिया. प्रसव के बाद परिवार में खुशी का माहौल था, लेकिन इसके कुछ ही समय बाद विनीता की तबीयत बिगड़ने लगी. परिजनों ने आरोप लगाया कि प्रसव के बाद मरीज की उचित देखरेख और इलाज नहीं किया गया, जिसके कारण उसकी हालत लगातार खराब होती चली गई.
डॉक्टर पर उचित इलाज नहीं करने का आरोप: मृतका के देवर दीपेश कुमार ने क्लिनिक में मरीज की देखरेख को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं. उनका आरोप है कि प्रसव के बाद विनीता की स्थिति बिगड़ने के बावजूद समय पर उचित इलाज और निगरानी नहीं की गई. परिवार का कहना है कि अगर समय रहते बेहतर चिकित्सा सुविधा और आवश्यक उपचार मिलता, तो शायद विनीता की जान बचाई जा सकती थी.
"20 अगस्त की रात करीब 10 बजे विनीता की मौत हो गई. नवजात जुड़वां बच्चों के जन्म के महज एक दिन बाद उनके सिर से मां का साया उठ गया."-दीपेश कुमार, महिला के देवर
परिजनों ने की कार्रवाई की मांग: महिला की मौत की वास्तविक वजह क्या थी, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा. परिजनों की ओर से लगाए गए लापरवाही के आरोपों की भी निष्पक्ष जांच जरूरी है. घटना के बाद परिवार ने पूरे मामले की जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है.
क्या कहती है पुलिस?: नगर थाना प्रभारी राजीव रंजन ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. महिला की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है.
"परिजनों की ओर से दिए गए आवेदन और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. इलाज में लापरवाही के आरोपों की भी जांच की जा रही है. जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके लिए कोई जिम्मेदार है या नहीं."- राजीव रंजन, नगर थाना प्रभारी
नवजात बच्चों की देखभाल में लगा परिवार: वहीं, इस घटना ने प्रसव के बाद महिलाओं की उचित निगरानी और आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल परिवार नवजात दोनों बच्चों की देखभाल और मां को खोने के गम के बीच न्याय की मांग कर रहा है.
ये भी पढ़ें-
महिला ने टॉयलेट में बच्चे को दिया जन्म, हेल्थ सेंटर ने भर्ती करने से कर दिया था इंकार
गाजियाबाद: रोडवेज बस में महिला ने दिया बच्चे को जन्म, मां और बेटा दोनों स्वस्थ
Howrah Express में बच्चे का जन्म, महिला आरपीएफ कर्मियों ने कराई डिलीवरी

