बिहार में 100 फीट नीचे खदान में गिरने से महिला की मौत, 7 घंटे बाद पोकलेन से निकाला शव
शेखपुरा में खदान में गिरने से महिला की मौत हो गयी. घटना के 7 घंटे के बाद शव को पोकलेन के माध्यम से निकाला गया.

Published : December 21, 2025 at 6:40 PM IST
शेखपुरा: बिहार के शेखपुरा में पत्थर उत्खनन से बने खदान में गिरने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई. घटना की बाद जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख पुकार मच गई. मौके पर पुलिस पहुंचकर काफी मशक्कत से 7 घंटे बाद शव निकाला गया.
लोगों में आक्रोश: मृत महिला की पहचान पचना निवासी पंकज पासवान की पत्नी अनीता देवी (30) के रूप में हुई है. पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं घटना से लोगों में आक्रोश है. लोगों ने प्रशासन पर कई आरोप लगाए.
100 फीट खाई में गिरी: दरअसल, पत्थर खनन के कारण शेखपुरा के पहाड़ों में गहरी खाई और झील बन गया है. रविवार की अहले सुबह पचना पहाड़ में एक महिला शौच करने गयी थी. जिस चट्टान पर महिला बैठी थी, वह चट्टान खिसक गया. जिससे महिला 100 फीट नीचे खाई में गिर गयी. नीचे चट्टान पड़ा था, उसपर गिरने के कारण उसकी मौत हो गयी.
7 घंटे बाद निकाला शव: मां को खाई में गिरते देख पुत्र रोने लगा तो आसपास की महिलाएं पहुंची. देखा कि महिला खाई में एक चट्टान पर गिरी हुई है. बाद में पॉकलेन और रस्सी के सहारे कुछ लोग चट्टान पर उतरे, लेकिन महिला की मौत हो चुकी थी. 7 घंटे बाद दोपहर 12 बजे महिला की लाश निकाली गई. मौके मौजूद पर एसआई पंकज सिंह ने घटना की पुष्टि की.

"प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मृतका अन्य महिलाओं और अपने एक पुत्र के साथ शौच के लिए पहाड़ पर गई थी. इसी दौरान हादसा हो गया. महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. इस संबंध में किसी तरह का मकदमा दर्ज नहीं किया गया है. आवेदन मिलने पर कार्रवाई होगी." -पंकज सिंह, एसआई, सदर थाना
100 फीट खाई: हादसे के बाद परिजनों का रो रोकर हाल बेहाल है. मां की मौत से तीन छोटे बच्चों को अनाथ हो गया. गांव में भी मातम पसरा हुआ है. लोगों ने बताया कि शेखपुरा पहाड़ में पत्थर खनन का हाल यह है कि जहां पहले दो सौ से तीन सौ फीट उंचा पहाड़ था, वहां अब सौ फीट से अधिक की गहरी खाई बन चुकी है.

कई लोगों की हो चुकी है मौत: कई जगहों पर इन खाई में पानी भर जाने से झील का रूप ले लिया है. अबतक बरुई गांव के समीप बने झील में डूबने से तीन लोगों की मौत हो चुकी है. बुधौली के एक 14 साल के बालक के अलावा बरुई गांव की दो महिला की डूबने से मौत हो चुकी है.
हादसे का कारण: बताया जाता है कि जिस क्षेत्र में हादसा हुआ है, उसपर अभी हाल के दिनों में ही प्रिंस कंस्ट्रक्शन नामक कंपनी खनन कर रही थी. खनन विभाग के मुताबिक उस कंपनी पर लीज एरिया से ज्यादा जमीन पर खनन करने के कारण जुर्माना भी लगाया गया था, लेकिन लीज खत्म होने के बाद उत्खनन कंपनी ने कोई भी बेरीकेडिंग नहीं की. जिस कारण से यह हादसा हुआ है.
ये भी पढ़ें: बिहार में तेज रफ्तार ट्रक ने DSP की गाड़ी को उड़ाया, इंस्पेक्टर की हालत नाजुक, डीएसपी सहित कई पुलिसकर्मी घायल

