कोरबा से पटना के सफर में यात्री बस में गूंजी किलकारी, केबिन में प्रसूता की डिलीवरी
यात्रियों के सहयोग से बस के केबिन में सुरक्षित प्रसव कराया गया. प्रसव के बाद महिला और नवजात दोनों सेफ हैं.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : July 8, 2026 at 5:21 PM IST
कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा से पटना के लिए निकली राजहंस बस में मानवता और संवेदनशीलता की मिसाल देखने को मिली.अविश्वसनीय लगने वाले इस मामले में सफर के दौरान एक गर्भवती महिला को अचानक प्रसव पीड़ा हुई. हालात की गंभीरता को देखते हुए बस चालक, परिचालक और यात्रियों ने तत्काल निर्णय लिया कि बस को रोका जाए. जिसके बाद वो हुआ, जो सामान्य तौर तौर पर कम ही सुनने को मिलता है.
दीपका निवासी दो महिलाओं की सूझबूझ और सहयात्रियों के सहयोग से बस के भीतर ही प्रसूता का सुरक्षित प्रसव कराया गया. इसके बाद आर्थिक रूप से कमजोर दंपति की मदद के लिए यात्रियों ने स्वेच्छा से चंदा भी एकत्र कर उनकी मदद की.
8 माह की गर्भवती थी महिला
मंगलवार रात कोरबा से पटना जा रही राजहंस बस में सफर कर रही करीब आठ माह की गर्भवती महिला को अचानक तेज प्रसव पीड़ा होने लगी. स्थिति को बिगड़ता देख दीपका निवासी राहुल प्रसाद की बहन रेखा कुमारी और बुआ सुमंती देवी ने महिला के पति की सहमति से तत्काल बस रुकवाने का निर्णय लिया.
अन्य यात्रियों को बस से नीचे उतारा गया और महिलाओं ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए बस के भीतर ही सुरक्षित प्रसव करवा दिया. कुछ ही देर में महिला ने एक स्वस्थ शिशु को जन्म दिया. प्रसव के बाद बस में मौजूद यात्रियों ने भी मानवता का परिचय दिया.
अंबिकापुर से आगे रात 11 बजे रुकवाई थी बस
कोरबा से पटना जा रही बस में नवविवाहिता को जब प्रसव पीड़ा हुई, तब तेज बारिश भी हो रही थी. झमाझम बारिश के बीच प्रसूता का प्रसव पीड़ा उठने पर बस को रास्ते में रोका गया. प्रसव के बाद बस में खुशी का माहौल बन गया. सभी ने परिजनों को बधाई दी, यथासंभव मदद भी की.
बस कोरबा से निकलने के बाद रात 11 बजे अंबिकापुर से आगे पहुंची, तब महिला को प्रसव पीड़ा हुई. सफल प्रसव के आधे घंटे बाद बलरामपुर पहुंचने के बाद प्रसूता को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज जारी है. जच्चा बच्चा दोनों स्वस्थ हैं. बस में लगभग 30 से 35 लोग सवार थे- धीरेंद्र जोगी, बस का एजेंट
दीपका निवासी दो महिलाओं की सूझबूझ और सहयात्रियों के सहयोग महिला का सुरक्षित प्रसव हुआ. सुरक्षित प्रसव होने से महिला के परिजनों ने खुशी जाहिर की है.

