ETV Bharat / state

हिमाचल में बेटी का शव सड़क पर रख कर क्यों बैठे रहे लोग? हैरान करने वाला है पूरा मामला

हमीरपुर जिले के भोरंज में आक्रोशित ग्रामीणों ने डेड बॉडी सड़क पर रख कर चक्का जाम कर दिया. पुलिस की मौजूदगी में अंतिम संस्कार.

Woman commits suicide in Hamirpur
नवविवाहिता की मौत के बाद सड़कों पर उतरे लोग (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : December 27, 2025 at 12:54 PM IST

|

Updated : December 27, 2025 at 1:58 PM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

हमीरपुर: भोरंज उपमंडल में एक 23 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में आक्रोशित ग्रामीणों का गुस्सा सड़कों पर देखने को मिला. शुक्रवार (26 दिसंबर) शाम करीब 6 बजे मृत महिला के मायका पक्ष और स्थानीय ग्रामीणों ने हथली पुल पर चक्का जाम कर दिया. इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं सड़क के बीच बैठ गईं और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की. मृत महिला की पहचान शिवानी उर्फ रीतू पत्नी वीरेंद्र सिंह, निवासी चंबोह के रूप में हुई है. वहीं, आरोपियों की गिरफ्तारी के आश्वासन पर परिजनों ने बेटी का अंतिम संस्कार कर दिया है.

गांव में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात

पुलिस प्रशासन द्वारा आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिए जाने के बाद परिजन शव को लेकर देर रात चूहाग गांव पहुंचे. इस दौरान मृत महिला के मायके पक्ष के लोग भी उनके साथ मौजूद रहे, ताकि अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की जा सके. हालांकि गांव पहुंचने पर स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई, जब नवविवाहिता के सास, ससुर और देवर मौके पर मौजूद नहीं मिले. ससुराल पक्ष के प्रमुख सदस्यों की गैरमौजूदगी को लेकर मायके पक्ष में भारी रोष देखने को मिला. किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए डीएसपी लालमन की अगुआई में पुलिस की टीम रात से ही गांव में तैनात रही.

Woman funeral
पुलिस की मौजूदगी में अंतिम संस्कार (ETV Bharat)

गिरफ्तारी के आश्वासन पर अंतिम संस्कार

भारी पुलिस बल के चलते स्थिति को नियंत्रण में रखा गया. पुलिस के द्वारा समझाइश के बाद परिजनों ने विधि-विधान से अंतिम संस्कार संपन्न कराया. अंतिम संस्कार के दौरान भी पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा, ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे. वहीं, हमीरपुर एसपी बलबीर सिंह ठाकुर ने कहा कि, "यह मामला गंभीर प्रकृति का है और हर पहलू को ध्यान में रखते हुए इसकी गहन जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिजनों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी. यदि जांच में किसी की भी संलिप्तता पाई जाती है तो उसके खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी."

मायका पक्ष वालों ने किया चक्का जाम

इससे पहले नवविवाहिता की मौत के बाद मायका पक्ष के लोग मेडिकल कॉलेज हमीरपुर पहुंचे, जहां उन्होंने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा किया और पुलिस से न्याय की मांग की. इसके साथ ही गुस्साए ग्रामीणों ने हथली पुल पर चक्का जाम कर दिया. जिससे दोनों ओर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया. कई वाहन घंटों तक जाम में फंसे रहे. ऐसे में आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा. डीएसपी लालमन शर्मा ने प्रदर्शन स्थल पर पहुंचकर परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत की और उन्हें निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया. उसके बाद लोग शांत हुए.

Woman commits suicide in Hamirpur Protest
सड़क पर प्रदर्शन (ETV Bharat)

शादी के बाद से ससुराल वालों पर प्रताड़ित करने के आरोप

महिला के पिता सुरिंदर कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है, "मेरी बेटी शिवानी की शादी करीब एक पहले ही हुई थी. शादी के बाद से ही शिवानी को ससुराल में लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था, जिसके चलते वह काफी परेशान और तनाव में रहती थी. इस संबंध में पहले भी शिकायत की गई थीं, लेकिन हालात नहीं सुधरे. पिछले दिनों अचानक शिवानी की तबीयत बिगड़ गई. इसके बाद उसे उपचार के लिए भोरंज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक जांच के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर रेफर कर दिया. हालांकि मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया."

मृत महिला का अंतिम संस्कार

भोरंज पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम के बाद महिला का शव उसके परिजनों को सौंप दिया गया है. मंहिला का आज (शनिवार, 27 दिसंबर को) अंतिम संस्कार किया जाएगा. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि आखिर महिला की मौत कैसे हुई है? इस घटना के बाद मायका पक्ष में शोक के साथ-साथ भारी रोष है.

खुदकुशी के लिए उकसाने का केस दर्ज

हमीरपुर के एसपी बलबीर सिंह ने कहा कि, "परिजनों की शिकायत पर नवविवाहिता के पति के माता-पिता और उसके भाई के खिलाफ सुसाइड के लिए उकसाने का केस दर्ज किया गया है. पोस्टमार्टम के बाद बॉडी परिवार वालों को सौंप दी गई है. मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. यदि जांच में कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल, पुलिस इस पूरे मामले में आगामी तफ्तीश में जुटी है."

ये भी पढ़ें: चंबा में चरस के साथ सरकारी कर्मचारी गिरफ्तार, नशा तस्करी पर पुलिस का बड़ा एक्शन

ये भी पढ़ें: नियमों की अवहेलना पर सैलानियों को हो सकती है जेल, पर्यटक इन बातों का रखें ख्या

Last Updated : December 27, 2025 at 1:58 PM IST