महराजगंज में प्रेमी से शादी की जिद में टॉवर पर चढ़ी युवती, पुलिस ने नेपाल से युवक को मौके पर बुलाया, आश्वासन के बाद उतरी नीचे
इश्क़ की चाहत में माशूक की हाई वोल्टेज ड्रामा

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : February 27, 2026 at 5:30 PM IST
महराजगंज: जिले के निचलौल थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती, प्रेमी से शादी की जिद में मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई. करीब तीन घंटे चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद, पुलिस द्वारा नेपाल से प्रेमी को बुलाने के बाद युवती नीचे उतरी.
जानकारी के अनुसार, युवती का पड़ोसी गांव के एक युवक से पिछले कई वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था. दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन युवक के परिजनों ने उसकी शादी दूसरी जगह तय कर दी. इस दौरान युवक नेपाल चला गया, जब युवती को यह जानकारी मिली तो वह आहत हो गई.
शुक्रवार सुबह करीब चार बजे युवती सहरी खाकर घर से निकली और टावर पर चढ़ गई. सुबह सात बजे जब ग्रामीणों ने उसे गांव के मोबाइल टावर पर चढ़ा देखा तो हड़कंप मच गया. लोगों ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी गई.
निचलौल थाना प्रभारी अखिलेश वर्मा दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और काफी देर तक युवती को समझाया, लेकिन वह प्रेमी को बुलाने और शादी का आश्वासन मिलने तक नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई.
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने युवक से संपर्क किया और उसे नेपाल से बुलवाया. युवक के मौके पर पहुंचकर शादी का भरोसा देने के बाद युवती टॉवर से नीचे उतरी, इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया और युवती को सकुशल घर भेज दिया.
इस संबंध में निचलौल थाना प्रभारी अखिलेश वर्मा ने बताया कि युवती का प्रेम संबंध का मामला था, युवक से शादी के जिद में टॉवर पर चढ़ गई थी. शादी का आश्वासन मिलने के बाद युवती टॉवर से उतर कर घर चली गई है. फिलहाल दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर घर भेज दिया गया है.
ये भी पढ़ें: मजहब बना दीवार; प्रेमी ने प्रेमिका की मांग में भरा सिंदूर, फिर दोनों ने किया सुसाइड, सुहागिन की तरह अंतिम संस्कार हुआ
ये भी पढ़ें: लखीमपुर खीरी में प्रेम प्रसंग को लेकर दो पक्षों में मारपीट, एक युवक की मौत, गुस्साए परिजनों ने सड़क किया जाम

