पहले हुई लव मैरिज, अब पति पर पत्नी को आग लगाने का गंभीर आरोप
छोटी काशी मंडी में घरेलू हिंसा की सनसनीखेज घटना सामने आई है. स्थानीय लोगों में भारी रोष है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : February 14, 2026 at 11:43 AM IST
|Updated : February 14, 2026 at 12:09 PM IST
मंडी: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के कोटली उपमंडल के सपलोह क्षेत्र में घरेलू विवाद के चलते एक महिला के आग से झुलसने का गंभीर मामला सामने आया है. महिला को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है. इसी बीच महिला के मायके वालों और स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर भारी रोष है. पीड़ित महिला के पिता ने पति पर गंभीर आरोप लगाया है. एसपी मंडी ने परिजनों को आश्वस्त किया है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा.
महिला के पति पर गंभीर आरोप
पीड़ित महिला के मायका पक्ष ने महिला के पति पर उसे जलाने का आरोप लगाया है. घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है और परिजन न्याय की मांग को लेकर पुलिस प्रशासन से गुहार लगा रहे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि, पीड़ित महिला नीलम के माता-पिता और करीब 50 महिलाओं का एक प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को एसपी मंडी विनोद कुमार से मिला. प्रतिनिधिमंडल ने एसपी मंडी को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
पीड़िता के पिता की प्रशासन से गुहार
पीड़िता के पिता कृष्ण चंद ने बताया कि, "मेरी बेटी नीलम ने करीब दस वर्ष पूर्व प्रेम विवाह किया था. दंपति के दो बच्चे हैं, जिनकी उम्र 10 और 7 वर्ष है. शादी के कुछ वर्षों बाद से ही मेरी बेटी को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा था. कई बार दोनों परिवारों के हस्तक्षेप से विवाद सुलझा लेकिन हाल के दिनों में हालात लगातार बिगड़ते चले गए. गुरुवार सुबह उनके दामाद ने फोन कर बताया कि नीलम ने जहर खा लिया है. जब हम लोग मौके पर पहुंचे तो पता चला कि नीलम गंभीर रूप से जली हुई है. इसके बाद परिजनों हमने कोटली पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई."
घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी रोष
वहीं, रिटायर्ड सैनिक और एवं स्थानीय समाजसेवी भास्कर ठाकुर ने भी इस घटना पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि, मंडी में इससे पहले भी तेजाब कांड जैसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं और अब नीलम इस तरह की हिंसा का शिकार होकर जिंदगी और मौत से जूझ रही है. दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि ऐसी अपराध करने से पहले लोग सौ बार सोचें.

पुलिस रिमांड पर आरोपी पति
एसपी विनोद कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि, "महिला को पीजीआई चंडीगढ़ में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी नाजुक बनी हुई है. पीड़िता का उपचार जारी है और पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी है. आरोपी पति को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया है, जहां से उसे चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है. जांच पूरी पारदर्शिता के साथ होगी और दोष सिद्ध होने पर सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी. फिलहाल इस पूरे मामले में आगामी तफ्तीश जारी है."
ये भी पढ़ें: बद्दी स्पा सेंटर्स में चल रहा था देह व्यापार, 17 युवतियों को पुलिस ने किया रेस्क्यू
ये भी पढ़ें: हमीरपुर में दो महिलाओं ने जज से ठगे छह लाख, ऐसे झांसे में फंसे मीलॉर्ड

