पाकुड़ में महिला की सिर कूचकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस
पाकुड़ में महिला की हत्या कर दी गई है. अपराधियों ने घर में घुसकर महिला को मौत के घाट उतार दिया.

Published : July 8, 2026 at 1:35 PM IST
पाकुड़:जिले के अमड़ापाड़ा प्रखंड के जेटके टोला गांव में एक महिला की सिर कूच कर हत्या कर दी गई. मामले की सूचना मिलते ही अमड़ापाड़ा थाना प्रभारी दल-बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और परिजनों सहित आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है.
अपराधियों ने घर में घुसकर की हत्या
प्राप्त जानकारी के मुताबिक जेटके टोला गांव में मंगलवार देर रात्रि को मरांगमई हांसदा (30 वर्ष) अपने घर में सोयी थी. घर के बाकी सदस्य अपने रिश्तेदार के यहां गए थे. इस दौरान अज्ञात अपराधियों ने घर में घुसकर मरांगमई की हत्या कर दी. बुधवार की सुबह काफी देर तक जब मरांगमई अपने कमरे से बाहर नहीं निकली तो परिजनों को संदेह हुआ. परिजन जब उसके कमरे में पहुंचे तो खाट पर मरांगमई पड़ी थी और उसके सिर में जख्म देखा गया.
परिजनों के शोर मचाने के बाद आस-पड़ोस के लोग भी मौके पर पहुंच गए. ग्रामीणों ने फौरन मामले की जानकारी अमड़ापाड़ा थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजन सहित आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की और मृतका के परिजनों का बयान दर्ज किया.
जांच में जुटी पुलिस
घटना को लेकर अमड़ापाड़ा थाना प्रभारी अनूप रोशन भेंगरा ने बताया कि मंगलवार देर रात्रि को मरांगमई के परिजन अपने रिश्तेदार के यहां गए हुए थे. मरांगमई अपने घर में अकेली सोयी थी. इसी दौरान उसकी हत्या कर दी गई. थाना प्रभारी ने कहा कि महिला की हत्या किसने की और किस कारण से हुई है इसकी जांच की जा रही है. प्रथम दृष्टया महिला के सिर में गंभीर वार करने से मौत हुई है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मामला साफ हो जाएगा. थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस हत्या के कारणों की जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें-
प्रेमी ही निकला हत्यारा, दूसरे से संबंध के कारण ले ली प्रेमिका की जान

