ETV Bharat / state

जमीन विवाद में महिला पर जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार

रांची में जमीन विवाद को लेकर महिला पर हमला हुआ है.

woman brutally attacked with bricks over land dispute In Ranchi
प्रतीकात्मक तस्वीर (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : January 4, 2026 at 5:58 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

रांचीः जमीन विवाद को लेकर नामकुम थाना क्षेत्र के लावाडीह गांव में एक महिला पर ईंट से जानलेवा हमला किया गया. मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद रूरल एसपी ने तुरंत एक्शन लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया.

परिवार वालों ने बना लिया वीडियो

ये पूरा मामला नामकुम थाना क्षेत्र का है. यहां रहने वाली प्रियंका कुजूर नाम की महिला अपने पुश्तैनी जमीन पर निर्माण कार्य कर रही थी. इसी दौरान रवि कुजूर ने महिला पर ईंट से हमला कर दिया. इस हमले में गंभीर रूप से घायल महिला प्रियंका कुजूर का इलाज रांची के सदर अस्पताल में चल रहा है. डॉक्टरों के अनुसार, महिला के चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं.

परिजनों ने बताया कि प्रियंका अपनी पुश्तैनी जमीन पर मकान का निर्माण करा रही थी. जहां पिछले लगभग 40 वर्षों से बाउंड्री वॉल और मकान मौजूद है. इसके बावजूद आरोपी ने जमीन पर अपना दावा ठोकते हुए हमला कर दिया. प्रियंका की बहन ने बताया कि अब तक इस जमीन को लेकर कभी कोई विवाद नहीं हुआ था. लेकिन अचानक रवि कुजूर ने ईंट से वार कर प्रियंका को बुरी तरह घायल कर दिया. रवि के द्वारा हंगामा करने की वजह से प्रियंका के परिजनों ने इसका वीडियो बनाना शुरू किया था. इसी दौरान ईंट से हमले का वीडियो में मोबाइल में कैद हो गया.

ग्रामीण एसपी ने तुरंत लिया एक्शन

जमीन विवाद में मारपीट के बाद प्रियंका के परिजनों ने ग्रामीण एसपी को मामले से अवगत कराया. जिसके बाद नामकुम थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की और उसे गिरफ्तार कर लिया. रांची ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में यह मामला जमीन विवाद का प्रतीत होता है. दोनों पक्षों के बीच हंगामा और मारपीट हुई थी, जिसमें आरोपी ने ईंट से वार कर महिला को घायल कर दिया. प्राथमिकी दर्ज होने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. पुलिस अब पूरे विवाद की तहकीकात कर रही है और आवश्यक दस्तावेजों की जांच भी जारी है.

इसे भी पढ़ें- गोड्डा में जमीन विवाद में हत्या, दो गुटों में हुआ था खूनी संघर्ष!

इसे भी पढ़ें- जमीन विवाद में की गई पिटाई में मौत से पहले रहम की भीख मांग रहा था कमलेश! एसपी ने गठित की एसआईटी

इसे भी पढ़ें- मझगांव हत्याकांड का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार, जमीन विवाद को लेकर हुई हत्या