20 दिन लापता थी महिला, घर के सेप्टिक टैंक में मिली लाश, पति और देवर हुए फरार
बिलासपुर में महिला का शव बरामद किया गया है. शव लगभग 20 दिन पुराना बताया जा रहा है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : February 9, 2026 at 5:33 PM IST
|Updated : February 9, 2026 at 8:32 PM IST
बिलासपुर: शहर से सटी ओयल पंचायत के अंतर्गत आने वाले दनोह गांव में एक प्रवासी महिला की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि महिला की हत्या कथित तौर पर उसके पति और दो देवरों ने मिलकर की थी. इसके बाद शव को घर के पास बने सेप्टिक टैंक में डालकर ऊपर से सीमेंट लगाकर बंद कर दिया, ताकि किसी को बदबू न आए. महिला का पति और देवर फरार बताए जा रहे हैं. अनुमान है कि ये अपने मूल गांव झारखंड चले गए.
मौत का खुलासा उस समय हुआ जब काफी दिनों तक महिला के संपर्क में न आने पर उसके परिजनों को शक हुआ, जिसके बाद वो महिला की तलाश में बिलासपुर पहुंचे. परिजन जब कोयल पंचायत स्थित महिला के किराए के मकान पर पहुंचे तो वहां ताला लटका मिला. संदेह होने पर उन्होंने तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मकान की तलाशी ली. जांच के दौरान घर के पास बने टैंक पर संदेह हुआ, जिस पर सीमेंट की नई परत लगी हुई थी. टैंक को खुलवाने पर उसके अंदर से एक महिला का शव बरामद हुआ, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. बताया जा रहा है कि महिला का आरोपी पति पहली पत्नी की हत्या कर चुका है. मृतका से उसने दूसरी शादी की थी.
पुलिस ने शव को टैंक से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान प्रवासी महिला के रूप में हुई है और प्रारंभिक साक्ष्यों के आधार पर पति और देवर की संलिप्तता सामने आई है. फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है. ओयल पंचायत के पूर्व प्रधान दिनेश कुमार ने बताया कि शव मिलते ही पुलिस को सूचित किया गया था. महिला का पति और देवर घर पर मौजूद नहीं है. शव 20 दिन पुराना लग रहा है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कई अहम खुलासे होने की संभावना है. वहीं इस जघन्य हत्या से स्थानीय लोगों में भी दहशत का माहौल है.
एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने बताया कि 'शव का पोस्टमार्टम एम्स में करवाया जा रहा है. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत एक विशेष टीम का गठन कर दिया है, जिसे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर भेजा गया है. आरोपी झारखंड के है जिन्हें पकड़ने के लिए एक टीम को रवाना कर दिया गया है.'
ये भी पढ़ें: शिमला में 3 लड़कियों समेत 4 नाबालिग लापता, मचा हड़कंप

