रामगढ़ के पतरातू में बच्चा चोरी के अफवाह में गांव वालों ने महिला को पीटा, पुलिस ने बचाई जान
रामगढ़ में बच्चा चोरी के शक में भीख मांग रही एक महिला की पिटाई कर दी गई. पुलिस ने महिला की जान बचाई.

Published : February 18, 2026 at 4:09 PM IST
रामगढ़: जिले के पतरातू में भी अफवाहों का जहर एक बार फिर इंसानियत पर भारी पड़ गया है. पतरातू थाना क्षेत्र में बच्चा चोरी के शक में एक अधेड़ विधवा महिला की ग्रामीणों ने बेरहमी से पिटाई कर दी. समय रहते पुलिस पहुंची, तब जाकर महिला की जान बच सकी. जानकारी के अनुसार मनीषा देवी नामक महिला ट्रेन से गुड़गांव से आसनसोल जा रही थी. वह ट्रेन से उतरकर पतरातू इलाके पहुंची थी.
स्टेशन से भटकते हुए महिला पहुंची थी गांव
मामले को लेकर बताया गया है कि टोकीसूद स्टेशन पर ट्रेन के काफी देर रुकने के कारण वह नीचे उतर गई और भटकते हुए टेरपा गांव पहुंच गई. विधवा होने और भीख मांगकर जीवन यापन करने वाली महिला ग्रामीणों से कुछ मांग रही थी, तभी लोगों ने उसे बच्चा चोर समझ लिया. देखते ही देखते भीड़ जुट गई और बिना किसी पुष्टि के महिला के साथ मारपीट शुरू कर दी. भाषा की समस्या और पहचान न होने के कारण महिला खुद अपनी बात भी नहीं रख पाई.
गांव के उपमुखिया उज्ज्वल कुमार ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पतरातू थाना के एएसआई अर्जुन ठाकुर मौके पर पहुंचे और महिला को भीड़ से निकालकर सुरक्षित अपने साथ ले गए. उन्होंने बताया कि सूचना के बाद टेरपा गांव पहुंच भीड़ से छुड़ाकर महिला को गाड़ी में बैठा कर वहां से निकाल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पतरातू में भर्ती कर इलाज कराया गया. पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध स्थिति में कानून हाथ में न लें, बल्कि तुरंत सूचना दें.
एसपी की अफवाह से सावधान रहने की अपील
रामगढ़ एसपी अजय कुमार ने आम जनता से अपील की है कि बच्चा चोरी के अफवाह से सावधान रहें. उन्होंने किसी भी व्यक्ति पर बच्चा चोरी का संदेह होने पर अविलंब नजदीकी थाना या डायल 112 पर सूचना देने की बात कही है. फिलहाल ग्रामीण इलाकों में फैलती अफवाहें अब कानून व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती बन रही है. ऐसे में जागरूकता, संयम और मानवीय संवेदनशीलता की जरूरत है. ताकि कोई बेगुनाह किसी हिंसा का शिकार न बने.
ये भी पढ़ें: बच्चा चोरी की अफवाह पर बहकी भीड़, बेरहमी से कर दी कई लोगों की पिटाई
बच्चा चोर के शक में महिलाओं की पिटाई, पुलिस की चेतावनी- मारपीट करने वालों पर होगी कानूनी कार्रवाई
बोकारो में बच्चा चोरी की अफवाह पर प्रशासन की सख्ती, 300 से अधिक सोशल मीडिया अकाउंट्स चिन्हित

