'इस जमीन के लिए एक मर्डर जरूर होगा' धमकी देने वाले दबंग ने बुजुर्ग महिला को पीट-पीटकर मार डाला
बेतिया में एक बुजुर्ग महिला की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. परिजनों ने पड़ोस के दबंग परिवार पर आरोप लगाया है. पढ़ें..

Published : January 4, 2026 at 2:20 PM IST
बेतिया: बिहार के बेतिया में भू-माफिया का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है. कभी किसी की जमीन पर कब्जा कर लिया जाता है तो कभी किसी के घर में आग लगा दी जाती है और कभी पीट-पीटकर हत्या कर दी जाती है. ताजा मामला चनपटिया प्रखंड सिरसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत सेनवारिया बिजवानिया गांव का है. जहां जमीन विवाद को लेकर दबंगों ने एक बुजुर्ग महिला की पीट-पीटकर हत्या कर दी.
बुजुर्ग महिला की पीट-पीटकर हत्या: मृतका की पहचान रामचन्द्र महतो की पत्नी झांमाकालो देवी (55 वर्षीय) के रूप में हुई है. घटना 4 जनवरी की सुबह करीब 7 बजे की बताई जा रही है. जहां चनपटिया प्रखंड सिरसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत सेनवारिया बिजवानिया गांव में जमीन विवाद को लेकर दबंगों ने एक वृद्ध महिला की पीटकर हत्या कर दी हैं.
जमीन विवाद में मार डाला: परिजनों के अनुसार लंबे समय से चल रहे जमीन विवाद को लेकर दबंग पक्ष ने अचानक झांमाकालो देवी पर हमला कर दिया. आरोप है कि लाठी-डंडों से बेरहमी से की गई पिटाई में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई. घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
क्या बोली परिजन?: मृतक महिला की बहू शोभा महतो ने बताया कि पड़ोस के महातम यादव ने अपने परिवार के साथ हमला कर दिया. मुकेश, महात्मा, अमरेश, नितेश और उसके एक भतीजे ने मिलकर मेरी सास पर हमला कर दिया. उन लोगों ने पहले भी कहा था कि इस जमीन के लिए एक मर्डर जरूर होगा.
"जमीन का नापी करवा रहे थे. ईंट हटाने को लेकर बहस शुरू हो गई और फिर उन लोगों ने मारपीट करने लगे. मेरी सास को मारने लगे, चोट लगने के बाद उसकी मौत हो गई. पहले भी वो लोग कहते थे कि एक मर्डर करेंगे और अब कर दिया."- शोभा महतो, मृतक महिला की बहू
गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज: वहीं घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस और सिरसिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेतिया जीएमसीएच भेज दिया गया है. सदर एसडीपीओ विवेक दीप ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
"सूचना मिली थी कि जमीनी विवाद में मारपीट हो गई है. इसके बाद वह घटनास्थल पर पहुंचे. वहां देखा कि एक महिला जमीन पर पड़ी हुई है. जिसकी जमीन विवाद में पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. जिसकी सूचना पुलिस के बड़ी अधिकारियों को दे दी गई है."- बमबम कुमार, एएसआई, डायल 112
भू-माफिया के खिलाफ कब होगा एक्शन?: इधर, इस घटना से गांव में भय और आक्रोश का माहौल है. हाल के दिनों में बेतिया में लगातार भू-माफियाओं का मनोबल बढ़ता जा रहा है. भू-माफियाओं में पुलिस का खौफ खत्म हो गया है. कभी पुलिस मंत्री की बात नहीं सुनती है तो कभी किसी भी जमीन पर पुलिस कब्जा कर देती है. मंत्री नारायण प्रसाद ने भी आरोप लगाया था कि पुलिस भू-माफिया पर कार्रवाई नहीं करती है. हमारी शिकायत के बावजूद एक्शन नहीं लिया जाता है.
ये भी पढ़ें: बिहार में भू माफियाओं का आतंक, मंत्री के ड्राइवर को पीटा, पुलिस पर अपराधियों का साथ देने का आरोप

