ETV Bharat / state

सोनभद्र में डूबने से महिला और 4 साल की बच्ची की मौत, ट्यूब से नदी पार कर रहे थे

सीओ सिटी रणधीर मिश्रा ने बताया, ट्यूब पर पति-पत्नी 4 साल की भतीजी के साथ नाला पार कर रहे थे. महिला-बच्ची के शव मिल गये.

Photo Credit: ETV Bharat
20 घंटे से चल रही थी तलाश. (Photo Credit: ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : February 17, 2026 at 9:46 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

सोनभद्र: जिले के पिपरी थाना क्षेत्र के बेलवादह में सोमवार को रिहंद डैम के नाले को ट्यूब के सहारे पार करते समय एक ही परिवार के तीन लोग पानी में गिर गए थे. हादसे के वक्त पति तो तैरकर सुरक्षित किनारे पहुंच गया, लेकिन उसकी पत्नी और चार साल की भतीजी गहरे पानी में समा गए थे.

किनारे पहुंचे पति ने तुरंत डायल 112 को सूचना दी, जिसके बाद स्थानीय पुलिस और मछुआरों ने तलाश शुरू की. सीओ सिटी रणधीर मिश्रा ने बताया कि मंगलवार को महिला और बच्ची के शव बरामद किये गये थे.

जानकारी देते सीओ सिटी रणधीर मिश्रा. (Video Credit: ETV Bharat)

SDRF का रेस्क्यू ऑपरेशन: सोमवार शाम काफी खोजबीन के बाद भी जब दोनों का पता नहीं चला, तो पुलिस ने SDRF की टीम को सूचित किया. मंगलवार सुबह मौके पर पहुंची SDRF की टीम ने गोताखोरों की मदद से फिर से सर्च ऑपरेशन शुरू किया. लगभग 20 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर करीब 3 बजे दोनों शवों को नदी से बरामद कर लिया गया. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

Photo Credit: ETV Bharat
SDRF की टीम मौके पर पहुंची. (Photo Credit: ETV Bharat)

प्रत्यक्षदर्शी पति का बयान: हादसे में जीवित बचे राहुल ने बताया कि वह रोज की तरह अपनी पत्नी ऊषा और भतीजी को लेकर ट्यूब से घर लौट रहा था. नदी के बीच में अचानक संतुलन बिगड़ा और दोनों ट्यूब से फिसलकर गहरे पानी में गिर गए. राहुल ने बताया कि उसने बचाने की कोशिश की और खुद तो तैरकर बाहर आ गया, लेकिन बाकी दोनों को नहीं बचा सका. पीड़ित परिवार ने पुलिस और रेस्क्यू टीम की मदद से अंततः अपने परिजनों के शव प्राप्त किए.

Photo Credit: ETV Bharat
पत्नी और चार साल की भतीजी डूब गये. (Photo Credit: ETV Bharat)

प्रशासनिक जांच और कार्रवाई: मामले की पुष्टि करते हुए सीओ सिटी रणधीर मिश्रा ने बताया कि ट्यूब के जरिए नाला पार करना जानलेवा साबित हुआ. उन्होंने जानकारी दी कि सुबह से ही SDRF की टीम गोताखोरों के साथ मिलकर लापता लोगों की तलाश में जुटी थी. दोपहर तक दोनों शव बरामद कर लिए गए और फिलहाल पोस्टमार्टम की प्रक्रिया चल रही है. पुलिस इस मामले में आगे की आवश्यक कार्यवाही और जांच सुनिश्चित कर रही है.

यह भी पढ़ें- आजमगढ़ में 27 साल पुराने शिया-सुन्नी दंगे में फैसला; 12 दोषियों को उम्रकैद, जुर्माना