खाटूश्यामजी अस्पताल में 5 दिन से भर्ती महिला नहीं बता रही परिवार का पता, वृद्धाश्रम भेजने की जिद्द पर अड़ी...जानिए मामला
महिला न भोजन कर रही और न पानी पी रही. वह अपना नाम जयपुर निवासी मंजू बता रही लेकिन परिवार की जानकारी नहीं दे रही.

Published : January 4, 2026 at 8:00 AM IST
खाटूश्यामजी (सीकर): प्रसिद्ध धार्मिक नगरी खाटूश्यामजी में बाबा श्याम के दो दिवसीय मासिक मेले और नववर्ष के दौरान दर्शन के लिए आई महिला श्रद्धालु बीते पांच दिन से खाटूश्यामजी के उप जिला अस्पताल में भर्ती हैं. महिला की पहचान और पारिवारिक स्थिति अब तक स्पष्ट नहीं हो पाई है. इसने अस्पताल प्रशासन और पुलिस की चिंता बढ़ा दी. महिला ने परिवार की पहचान बताने से इनकार कर दिया और वृद्धाश्रम भेजने की जिद कर रही है.
खाना-पीना छोड़ने से बढ़ी चिंता: उप जिला अस्पताल के इंचार्ज डॉ. गोगराज सिंह निठारवाल ने बताया कि महिला न पर्याप्त भोजन कर रही और न पानी पी रही है. उसकी शारीरिक स्थिति को लेकर अस्पताल प्रशासन चिंतित है. डॉक्टर्स उसकी सेहत पर नजर रखे हैं. इलाज के साथ काउंसलिंग भी कर रहे हैं. पूछताछ में महिला केवल इतना कह रही है कि जयपुर के मानसरोवर क्षेत्र की रहने वाली मंजू देवी है. वह पति, बच्चों या अन्य परिजनों के संबंध में कोई जानकारी नहीं दे रही है.डॉ. निठारवाल के अनुसार, महिला की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं लग रही है. इसी को देखते अस्पताल स्टाफ उससे धैर्यपूर्वक संवाद का प्रयास कर रहा है, ताकि परिजनों से संबंधित जानकारी दे.
पढ़ें:खाटूश्यामजी में भक्तों को लूटने वाला बड़ा गिरोह बेनकाब, 10 महिलाओं समेत 18 आरोपी गिरफ्तार
परिवार से नाराज: महिला के व्यवहार से लग रहा कि वह परिवार से गहरी नाराज है. अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान प्रशासन से वृद्धाश्रम भेजने की मांग कर रही है. किसी भी हाल में घर या परिजनों के पास जाने को तैयार नहीं है. महिला उप जिला अस्पताल में डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की निगरानी में है. प्रशासन का प्रयास है कि महिला को उचित इलाज, मानसिक सहयोग और परामर्श देकर सुरक्षित समाधान निकाला जाए.
पढ़ें:खाटूश्याम में दो पक्षों में लड़ाई, जमकर चले लात घूंसे, जानिए क्या है पूरा मामला
पुलिस कर रही परिजनों की तलाश: खाटूश्यामजी पुलिस ने मेले में महिला की तबीयत बिगड़ने पर उसे उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया था. इसके बाद से पुलिस और अस्पताल प्रशासन महिला की पहचान और परिजनों की तलाश में जुटे हैं. खाटूश्यामजी पुलिस ने महिला के बताए पते के आधार पर जयपुर के मानसरोवर और शिप्रा पथ थाना क्षेत्र की पुलिस को विवरण भेजा, ताकि परिजनों का पता लगाया जा सके. पुलिस का कहना है कि जैसे ही महिला के परिवार का पता चलेगा, उन्हें बुलाकर काउंसलिंग कराएंगे.
पढ़ें:देवभूमि के केशव की अनूठी भक्ति, 10 किलो वजनी जंजीर पहनकर 27 घंटे में पहुंचा खाटूश्यामजी

