ETV Bharat / state

3 विश्व कप, एक वर्ल्ड चैंपियन के साथ 2025 में दुनिया में छाए हिमाचली खिलाड़ी, एक ने दूसरे देश से किया T20 डेब्यू

2025 हिमाचल के खिलाड़ियों के लिए उपलब्धियों भरा रहा. हिमाचल के खिलाड़ियों ने खेल के क्षेत्र में राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अच्छा प्रदर्शन किया

Etv Bharat
2025 में हिमाचल के खिलाड़ियों का प्रदर्शन (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : December 28, 2025 at 6:51 PM IST

6 Min Read
Choose ETV Bharat

शिमला: साल 2025 हिमाचल के खिलाड़ियों के लिए उपलब्धियों भरा रहा. हिमाचल के खिलाड़ियों ने खेल के क्षेत्र में राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अच्छा प्रदर्शन कर हिमाचल और देश का नाम चमकाया. हिमाचल के खिलाड़ी तीन विश्व कप विजेता टीमों का हिस्सा रहे. हिमाचल के खिलाड़ियों के प्रदर्शन से ये साफ है कि हिमाचल आने वाले समय में खेल जगत में अच्छा प्रदर्शन करेगा. हिमाचल के खिलाड़ी कम सुविधाओं के आभाव में भी शानदार प्रदर्शन करने के लिए तैयार है.

रेणुका ठाकुर

शिमला जिले की रहने वाली रेणुका ठाकुर के लिए ये साल एक बड़ी उपलब्धि से भरा रहा. भारत ने इस साल पहली बार महिला विश्व कप का खिताब जीता है और रेणुका ठाकुर इस टीम का हिस्सा रही हैं. रेणुका ठाकुर ने विश्व कप के छह मैचों में कुल तीन विकेट झटके. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल में उन्हें कोई विकेट नहीं मिला था, लेकिन उन्होंने बहुत टाइट गेंदबाजी की थी. हाई स्कोरिंग मैच में उन्होंने 8 ओवर में सिर्फ 4.9 की इकॉनमी रेट से सिर्फ 39 रन ही खर्च किए थे. फाइनल में भी जब साउथ अफ्रीका के सलामी बल्लेबाज दूसरे गेंदबाजों पर जमकर रन बना रहे थे उस समय भी रेणुका ठाकुर ने कसी हुई गेंदबाजी की 8 ओवर में मात्र 28 रन खर्च किए. उनका इकॉनमी रेट 4 से भी कम था. रेणुका ठाकुर की कसी हुई गेंदबाजी ने पूरे टूर्नामेंट में बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया.

तनुजा कंवर

शिमला की ही तनुजा कंवर को डब्ल्यूपीएल ऑक्शन में गुजरात जायंट्स ने 45 लाख में खरीदा. तनुजा इससे पहले भी गुजरात की टीम का हिस्सा रही हैं. पिछली बार उनकी बोली 50 लाख तक गई थी. इस बार उन्हें रिलीज किया गया था, लेकिन मेगा ऑक्शन में टीम ने एक बार फिर उन पर दांव खेला. तनुजा स्पिन के साथ साथ अच्छी बल्लेबाजी भी करती हैं. महिला एशिया कप में उन्होंने भारत के लिए अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया था.

आकाश वशिष्ठ

हिमाचल प्रदेश के नादौन के अटल बिहारी वाजपेयी क्रिकेट स्टेडियम अमतर में हिमाचल और हैदराबाद के बीच इस साल खेले गए रणजी ट्रॉफी मुकाबले में हिमाचल के आकाश वशिष्ठ ने इतिहास रचा दिया. आकाश ने दोनों पारियों में शतक लगाया. पहली पारी में उन्होंने 165 गेंदों में 118 रन, जबकि दूसरी पारी में 169 गेंदों में 101 रन बनाए थे. हिमाचल के लिए दोनों पारियों में शतक लगाने वाले आकाश तीसरे खिलाड़ी हैं. इससे पहले 1993में आर बिट्टू, 2008 में भविन ठाकर ने हिमाचल के लिए जम्मू कश्मीर के खिलाफ दोनों पारियों में शतकीय पारी खेली थी. इस साल आकाश वशिष्ठ ने बल्ले से ये कमाल कर दिखाया है.

आकाश वशिष्ठ
आकाश वशिष्ठ (SOCIAL MEDIA)

सुमित वर्मा

शिमला के रहने वाले 31 साल के सुमित वर्मा ने इस साल युंगाड़ा के लिए अपना टी-20 इंटरनेशनल डेब्यू किया. जिम्बाब्वे डेब्यू मैच में ही सुमित वर्मा ने अपने प्रदर्शन की छाप छोड़ी. सुमित वर्मा ने अपनी पारी में 32 गेंदों का सामना करते हुए 140 की स्ट्राइक रेट से 45 रन बनाए थे. इस दौरान उन्होंने 4 गगनचुंबी छक्के और 1 चौका लगाया था. सुमित वर्मा इंटरनेशनल स्तर पर क्रिकेट खेलने वाले हिमाचल के तीसरे खिलाड़ी हैं. उनसे पहले मंडी के ऋषि धवन ने 2016 में भारत के लिए और उनके छोटे भाई राघव धवन ने पिछले साल युंगाडा के लिए डेब्यू किया था.

सुमित वर्मा
सुमित वर्मा (SOCIAL MEDIA)

निषाद कुमार

हिमाचल के निषाद कुमार ने वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप के मेंस हाई जंप T-47 में नया एशियन रिकॉर्ड बनाया और अपना पहला स्वर्ण पदक अपने नाम किया. निषाद कुमार ने गोल्ड मेडल जीतने के लिए 2.14 मीटर का मार्क पार किया. इसके साथ ही दो बार के पैरालंपिक में रजत पदक विजेता रहे निषाद कुमार ने पेरिस में 2023 वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में बनाए गए अपने 2.09 मीटर के रिकॉर्ड को तोड़ा.

तखेल्लमबम

हिमाचल प्रदेश की बहू और ओलंपियन बॉक्सर आशीष कुमार चौधरी की पत्नी तखेल्लमबम इनुंगानबी ने मणिपुर की राजधानी इंफाल में इस माह आयोजित सीनियर नेशनल जूडो चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन किया. 70 किलोग्राम भार वर्ग में उन्होंने स्वर्ण पदक अपने नाम किया. यह उनका लगातार दूसरा राष्ट्रीय स्वर्ण पदक है. इनुंगानबी मूल रूप से मणिपुर की रहने वाली हैं. सुंदरनगर के रहने वाले बॉक्सर आशीष कुमार चौधरी और तखेल्लमबम इनुंगानबी ने नवंबर 2024 में शादी की थी. इनुंगानबी नेशनल चैंपियन होने के साथ-साथ कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक भी जीत चुकी हैं. इसके अलावा वो एशियन गेम्स में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं. आशीष चौधरी भी ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं.

कबड्डी में चमके हिमाचली खिलाड़ी

भारतीय महिला टीम ने इस साल कबड्डी विश्व कप का खिताब भी अपने नाम किया. भारत ने फाइनल में चीनी ताइपे को कड़े मुकाबले में हराया. भारतीय टीम का हिमाचल प्रदेश की पांच खिलाड़ियों ने प्रतिनिधित्व किया. भारतीय टीम की कमान हिमाचल के सिरमौर जिले की रहने वाली रितु नेगी को सौंपी गई थी. हिमाचल की पुष्पा राणा को टीम का उप कप्तान बनाया गया था. कप्तान और उपकप्तान के अलावा हिमाचल की चंपा ठाकुर, भावना ठाकुर और साक्षी शर्मा ने भी पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम खिताब दिलवाया. कप्तान रितु नेगी की नेतृत्त्व क्षमता, उपकप्तान पुष्पा राणा की रेडिंग और शानदार डिफेंस कमाल का रहा है. हिमाचल की इन पांच खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने टीम की ताकत की कई गुना बढ़ाया है. पूरे टूनमिंट में भारतीय टीम ने हर मैच में आक्रामक खेल के साथ टीमवर्क का अच्छा प्रदर्शन किया.

नीता राणा

कुल्लू की नीता राणा ने इस आयोजित हुए खो-खो विश्व कप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया. वो खो-खो विश्व कप विजेता टीम का हिस्सा रहीं. ये विश्व कप जनवरी 2025 में आयोजित किया गया था. इस विश्व कप में 19 टीमों ने हिस्सा लिया था.

ETV Bharat
नीता राणा (ETV Bharat)

खेलो इंडिया विंटर गेम्स

खेलो इंडिया विंटर गेम्स 2025 के 5वें संस्करण में हिमाचल प्रदेश रनर-अप रहा. भारतीय भारतीय सेना पहले स्थान पर थी. दोनों ने ही 18-18 पदक अपने नाम किए थे, लेकिन सेना के पास स्वर्ण पदक अधिक थे, जिससे उन्हें पहला स्थान मिला. सेना ने 7 स्वर्ण, 5 रजत, 6 कांस्य जीते, जबकि हिमाचल प्रदेश ने 6 स्वर्ण, 5 रजत और 7 कांस्य पदक जीते और दूसरे स्थान पर रहा.

ये भी पढ़ें: YearEnder2025: चीफ इंजीनियर विमल नेगी, मास्टर युग व गुड़िया को न्याय का इंतजार, 2025 में भी देवभूमि में थमे नहीं अपराध