प्रयागराज में घरेलू कलह में पत्नी की हत्या; पति ने कमरे में की खुदकुशी, पुलिस जांच में जुटी
एसीपी अब्दुल सलाम खान ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : May 3, 2026 at 8:18 PM IST
प्रयागराज : जिले के कौंधियारा थाना क्षेत्र के गढ़वा कला गांव में पत्नी की हत्या के बाद पति के खुदकुशी करने का मामला सामने आया है. आरोप है कि दोनों में आये दिन विवाद हुआ करता था. घटना के बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है.
परिजनों के मुताबिक, कौंधियार के गढ़वा गांव में अनिल तिवारी अपने परिवार के साथ रहते थे. अनिल के पिता का पहले ही निधन हो चुका है. स्थानीय लोगों ने बताया कि अनिल तिवारी की शादी 2014 में हुई थी. घटना की जानकारी तब हुई जब रविवार को देर तक न जगने के बाद परिजन दोनों को जगाने पहुंचे. दरवाजा अंदर से बंद था. खटखटाने के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला तो आस-पड़ोस के लोग वहां पहुंचे.
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा, तो अंदर पति-पत्नी का शव पड़ा था. जानकारी पर एसीपी कौंधियारा के साथ कई थानों की फोर्स घटना स्थल पर पहुंच गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है. शव के पास खून से सना लोहे का राड मिला है.
एसीपी अब्दुल सलाम खान ने बताया कि परिजनों की सूचना पर पहुंचकर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. आरोप है कि दोनों में अक्सर विवाद होता था. प्रथम दृष्टया जांच में पता चला है कि पहले युवक ने पत्नी की हत्या की और उसके बाद खुदकुशी कर ली. दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और जांच की जा रही है.
यह भी पढ़ें : मेरठ में महिला की हत्या का खुलासा; अवैध संबंध के शक में पति ने उतारा था मौत के घाट

