रामपुर जेल में आजम खान से मिलीं पत्नी तंजीन फातिमा; सेहत को लेकर जताई चिंता
रामपुर कोर्ट ने दो पैन कार्ड केस में सपा नेता आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम को दोषी करार दिया था.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 9, 2026 at 7:07 AM IST
रामपुर: जिला जेल में बंद समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान की सेहत को लेकर परिवार ने चिंता जताई है. गुरुवार को जेल में आजम खान से उनकी पत्नी डॉ. तंजीन फातिमा, बेटे अदीब आजम ने मुलाकात की.
दो पैन कार्ड मामले में सजा काट रहे सपा नेता आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम इस समय रामपुर जिला जेल में बंद हैं. आजम खान से करीब एक घंटे तक उनके परिजनों की मुलाकात हुई. इस मुलाकात के बाद परिवार ने उनकी सेहत को लेकर चिंता जताई.
डॉ. तंजीन फातिमा ने बताया कि आजम खान को बीते कुछ दिनों से बुखार और खांसी की शिकायत है. कड़ाके की ठंड और शीतलहर के बीच उन्हें जेल में फर्श पर सोना पड़ रहा है, जिससे उनकी तबीयत और ज्यादा बिगड़ती जा रही है. डॉ. तंजीन फातिमा का कहना है कि जेल में आजम खान को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं और ठंड से बचाव के पर्याप्त इंतजाम नहीं मिल पा रहे हैं. ठंड के इस मौसम में हालात और भी ज्यादा कठिन हो गए हैं. परिवार का आरोप है कि उम्र और स्वास्थ्य को देखते हुए आजम खान के लिए विशेष व्यवस्था की जानी चाहिए.
परिजनों का कहना है कि पहले भी आजम खान को कई गंभीर बीमारियों का सामना करना पड़ा है और ऐसे में जेल में मौजूदा हालात उनकी सेहत के लिए खतरा बन सकते हैं. परिवार ने प्रशासन से आजम खान के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है.
बता दें कि 17 नवंबर 2025 को रामपुर कोर्ट ने दो पैन कार्ड केस में सपा नेता आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम को दोषी करार दिया था. कोर्ट ने दोनों को 7-7 साल की सजा सुनाई. भाजपा विधायक आकाश सक्सेना की याचिका पर कोर्ट ने सुनवाई की थी.
बीजेपी विधायक आकाश सक्सेना ने 2019 में सिविल लाइंस कोतवाली थाने में दो पैन कार्ड रखने का आरोप लगाकर आजम खान और उनके बेटे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी. तहरीर के आधार पर सिविल लाइंस कोतवाली की पुलिस ने आजम खान और अब्दुल्ला आजम के खिलाफ मामला दर्ज किया था. यह मामला कोर्ट में चल रहा था.

