रामपुर जिला कारागार में सपा नेता आजम खान से पत्नी और बेटे ने की मुलाकात, कहा- सेहत फिलहाल स्थिर है
समाजवादी पार्टी नेता आजम खान से उनकी पत्नी ताजीन फातिमा ने रामपुर की जिला कारागार में मुलाकात की.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : December 29, 2025 at 5:38 PM IST
|Updated : December 29, 2025 at 5:45 PM IST
रामपुर: समाजवादी पार्टी नेता आजम खान से उनकी पत्नी ताजीन फातिमा ने रामपुर की जिला कारागार में सोमवार को मुलाकात की. मुलाकात के बाद पत्नी ताजीन फातिमा ने आजम खान की तबीयत और जेल की परिस्थितियों पर चिंता जतायी. उन्होंने कहा कि जैसी तबियत थी, वैसी ही है. जेल में किसी की क्या हालत होती है, यह समझने की जरूरत है, बताने की नहीं.
लंबे समय से जेल में बंद हैं आजम खान: सोमवार को समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान से उनकी पत्नी डॉ. ताजीन फातिमा और बड़े बेटे अदीब आजम ने रामपुर जिला जेल पहुंचकर मुलाकात की.
ताज़ीन फातिमा ने सेहत को लेकर चिंता जतायी: मुलाकात के बाद दोनों ने मीडिया से बातचीत की और आजम खान की सेहत को लेकर चिंता जतायी. पत्नी ताजीन फातिमा ने कहा कि लंबे समय से जेल में बंद किसी भी व्यक्ति की शारीरिक और मानसिक स्थिति पर असर पड़ता है. उसे बाहर से पूरी तरह समझ पाना मुश्किल होता है.
डेढ़ महीने से रामपुर जिला जेल में बंद हैं: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान करीब डेढ़ महीने से रामपुर की जिला जेल में बंद हैं. उन्हें स्थानीय एमपी-एमएलए कोर्ट ने सजा सुनाई थी. इसके बाद उनको जेल भेजा गया था. लंबे समय से उनकी सेहत और जेल में इलाज को लेकर परिवार सवाल उठाता रहा है.
जेल में परेशान हैं आजम खान: सोमवार को हुई मुलाकात के बाद एक बार फिर से जेल में सुविधाओं और ट्रीटमेंट को लेकर चर्चा तेज हो गई है. सपा नेता आजम खान के बेटे अदीब आजम ने कहा कि उन्होंने अपने पिता से मुलाकात की है और उनकी सेहत फिलहाल स्थिर है. जेल में हर व्यक्ति किसी न किसी परेशानी से जूझता है. उनके पिता भी इससे अलग नहीं हैं.
यह भी पढ़ें- IIT कानपुर में B.Tech छात्र ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में लिखा-Sorry for everyone

