पति के साथ विवाद में पत्नी ने घर में लगाई आग, गांव के 3 मकान खाक, 4 महिलाएं गिरफ्तार
अग्निकांड मामले में कोर्ट ने पत्नी समेत चारों महिला आरोपियों को पुलिस रिमांड पर भेजा है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : December 23, 2025 at 2:33 PM IST
कुल्लू: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. दरअसल जिले की मणिकर्ण घाटी के डढेई गांव में आग लगने के कारण 2 मकान जलकर राख हो गए. इसके साथ ही वहां पर देवता का भंडारण भी जल गया. जिसके बाद कुल्लू पुलिस ने इस मामले को लेकर छानबीन शुरू की. अब पुलिस ने मामले में एक महिला और उसके तीन अन्य रिश्तेदारों को गिरफ्तार किया है. इन लोगों पर आग लगाने का आरोप है.
आरोपी पुलिस रिमांड पर
एसपी कुल्लू मदन लाल कौशल ने बताया कि डढेई गांव के अग्निकांड मामले में कुल्लू पुलिस की टीम ने छानबीन पूरी करने के बाद आरोपी पुष्पा देवी, भुवनेश्वरी, पूनम और खुशबू को गिरफ्तार किया है. वहीं, अब पुलिस महिला से पूछताछ में जुट गई है कि आखिर किन कारणों के चलते महिला ने मकान में आग लगाई थी. इसके साथ ही पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया. जहां अब अदालत ने चारों आरोपियों को 24 दिसंबर तक पुलिस रिमांड में भेजा है.
"चारों महिलाओं को पुलिस के द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया है. महिलाओं से सख्ती से पूछताछ की जा रही है कि आखिर उन्होंने किन कारणों के चलते इस घटना को अंजाम दिया है. पुलिस इस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है." - मदन लाल कौशल, एसपी कुल्लू

पति से नाराज थी महिला!
वहीं, डढेई गांव के स्थानीय लोगों ने बताया कि महिला का अपने पति के साथ विवाद चल रहा था. महिला अपने पति की तीसरी शादी की बात सुनकर नाराज हो गई थी. जिसके बाद उसने गुस्से में आकर अपने अन्य रिश्तेदार महिलाओं के साथ मिलकर एक मकान में आग लगा दी. आग तेजी से भड़क गई और साथ लगते एक अन्य मकान को भी इसकी चपेट में ले लिया. साथ ही देवता का भंडारण भी जलकर नष्ट हो गया. हालांकि इसकी पुष्टि पुलिस द्वारा नहीं की गई है. पुलिस के मुताबिक वो घटना के पीछे के कारणों को जानने में जुटे हुए हैं.
7 दिसंबर की है घटना
गौरतलब है कि बीती 7 दिसंबर की रात को मणिकर्ण घाटी के डढेई गांव में आग लगने की घटना सामने आई. इस अग्निकांड में 12 और 18 कमरों के दो मकान जलकर राख हो गए थे. इसके साथ ही देवता अठारह पेड़े का चार मंजिला भंडारण भी जलकर राख हो गया था. आग के कारण स्थानीय निवासी श्याम सुंदर का 3 मंजिला मकान और प्यारे लाल का मकान जलकर खाक हो गए थे.

