'अखिलेश यादव के पेट में क्यों दर्द हो रहा?', क्यों बोले डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक
उत्तर प्रदेश के कामकाज में हस्तक्षेप को लेकर क्या नसीहत दी जानिए.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : February 27, 2026 at 11:40 AM IST
बरेली: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के डकैती संबंधी बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि अखिलेश जी के पेट में दर्द है. उनसे पूछिए कि क्या सरकार किसी भी विभाग की डे-टू-डे वर्किंग में हस्तक्षेप करती है?, उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता स्पष्ट है कि प्रदेश का विकास, सुशासन और सभी को न्याय.
वह गुरुवार को एक दिवसीय दौरे पर बरेली पहुंचे थे. उपमुख्यमंत्री ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की. बैठक में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया.
मीडिया से उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में कानून व्यवस्था गंभीर चुनौती थी. बिजली, पानी, सड़क, स्कूल और अस्पताल जैसी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति बेहतर नहीं थी, लेकिन वर्तमान सरकार ने इन क्षेत्रों में व्यापक सुधार किए हैं. उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय लगभग दोगुनी हुई है और उत्तर प्रदेश अब रेवेन्यू सरप्लस राज्य बन चुका है.
उन्होंने कहा कि बेहतर कानून व्यवस्था के कारण निवेशकों का भरोसा बढ़ा है. उत्तर प्रदेश निवेश के लिए आकर्षक गंतव्य के रूप में उभरा है. सरकार पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य कर रही है तथा किसी भी प्रकार की अराजकता या अपराध को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. केजीएमयू में नमाज को लेकर चल रहे विवाद उपमुख्यमंत्री ने कहा कि त्योहारों के समय शांति और सौहार्द बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है. किसी को भी कानून से खिलवाड़ करने की अनुमति नहीं दी जाएगी और प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि कानून व्यवस्था हर हाल में कायम रहे.
उन्होंने दोहराया कि प्रदेश सरकार सबका साथ, सबका विकास के संकल्प के साथ कार्य कर रही है. हर नागरिक को न्याय दिलाना उसकी प्रतिबद्धता है, जबकि विपक्ष केवल बयानबाजी कर रहा है.

