यूपी में TET की एग्जाम डेट को लेकर क्यों टेंशन में हैं 15 लाख अभ्यर्थी?, जानिए वजह
शिक्षा सेवा चयन आयोग के सामने क्या मुश्किल, जानिए 29 और 30 जनवरी को प्रस्तावित परीक्षा के टलने की क्यों है संभावना.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : December 25, 2025 at 10:15 AM IST
प्रयागराज: उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के लिए 29 और 30 जनवरी को प्रस्तावित शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) आयोजित कराना संभव नहीं दिख रहा है. इसे लेकर टीईटी की तैयारी में जुटे 15 लाख अभ्यर्थी भी टेंशन में है. आखिर इसके पीछे वजह क्या है चलिए आगे जानते हैं.
क्या है वजह जानिए: उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के नए अध्यक्ष बनने के बाद यूपी के डीजीपी रहे प्रशांत कुमार की अध्यक्षता में 23 दिसंबर को बैठक हुई. इस बैठक में टीईटी की तिथि को लेकर कोई ठोस फैसला नहीं हो सका. बैठक में परीक्षा नियंत्रक को निर्देश दिए गए हैं कि वह अन्य आयोगों और भर्ती एजेंसियों के परीक्षा कैलेंडर का अध्ययन कर एक व्यावहारिक समयसारिणी तैयार करें और उसे आयोग के सामने रखें. ऐसे में जनवरी की पहली बैठक में टीईटी को स्थगित करने का निर्णय लिया जा सकता है. परीक्षा अगर टली तो इससे 15 लाख अभ्यर्थी प्रभावित होंगे.
ये है सबसे बड़ी बाधा: टीईटी परीक्षा से पहले आयोग को कई अहम चरण पूरे करने होते हैं. अभी तक न तो टीईटी का विज्ञापन जारी हुआ है और न ही आवेदन प्रक्रिया शुरू हो सकी है. विज्ञापन जारी करने के बाद आवेदन लेना, परीक्षा एजेंसी का चयन, संभावित अभ्यर्थियों की संख्या के अनुसार परीक्षा केंद्र तय करना, प्रश्नपत्र निर्माण और उसका माडरेशन, छपाई और गोपनीय तरीके से कोषागार तक प्रश्नपत्र पहुंचाने जैसी प्रक्रियाओं में काफी समय लगता है. इन्हीं कारणों से 29–30 जनवरी की तिथि अव्यावहारिक मानी जा रही है.
भर्ती की तैयारी में जुटे युवाओं की बढ़ी बेचैनी: प्राथमिक और उच्च प्राथमिक शिक्षक भर्ती के लिए टीईटी पास होना अनिवार्य है. यही वजह है कि बड़ी संख्या में युवा समय रहते टीईटी उत्तीर्ण करना चाहते हैं, ताकि आगामी भर्तियों में आवेदन से वंचित न रह जाएं. अभ्यर्थियों को उम्मीद थी कि आयोग की पहली बैठक में टीईटी को लेकर स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी, लेकिन फिलहाल इंतजार जनवरी बैठक तक बढ़ गया है.
अगर परीक्षा टली फिर क्या होगा: यदि टीईटी को स्थगित किया जाता है तो उसके बाद आयोग वर्ष 2022 की प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (TGT) और प्रवक्ता (PGT) परीक्षाओं की तिथियों को भी एक साथ घोषित कर सकता है.
अभी टीईटी के स्थगन का निर्णय नहीं: उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के जन संपर्क अधिकारी संजय सिंह का कहना है कि टीईटी को लेकर पिछली बैठक में ही परीक्षा नियंत्रक से कार्ययोजना मांगी गई है. आयोग की अगली बैठक में परीक्षा नियंत्रक ने टीईटी परीक्षा 29 व 30 जनवरी को कराने को लेकर जो कार्ययोजना तैयार की है उसपर विस्तृत चर्चा होगी. अगर रोडमैप क्लीयर है तो परीक्षा के लिए एक माह का समय बहुत होता है. परीक्षा तय डेट पर ही कराई जा सकती है. हालांकि परीक्षा तय डेट पर होगी या नहीं होगी इसपर निर्णय आयोग की जनवरी 2026 के प्रथम सप्ताह में प्रस्तावित बैठक में ही होगा. फिलहाल अभी आयोग की तरफ से टीईटी के स्थगन को लेकर कोई निर्णय नहीं लिया गया है.
ये भी पढ़ें: अंग्रेजों के जमाने की 161 साल पुरानी फॉरेंसिक लैब एक बार फिर चर्चा में, चकनाचूर दांतों से पल्प निकाल कर DNA जांच की

