यूपी में घरेलू बिजली दरें बढ़ेंगी या नहीं; UPPTCL में इस डेट से शुरू होगी सुनवाई, नए रेट पर मंथन
विद्युत नियामक आयोग, पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन के अधिकारी और उपभोक्ता परिषद के प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : February 26, 2026 at 4:42 PM IST
लखनऊ: बिजली कंपनियों की ओर से नई दरें तय किए जाने पर सार्वजनिक सुनवाई शुरू हो चुकी है. उत्तर प्रदेश राज्य लोड डिस्पैच की सुनवाई के बाद शुक्रवार को पहली बार अयोध्या में उत्तर प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPPTCL) की सार्वजनिक सुनवाई मंडलायुक्त कार्यालय में शुरू होगी. इस सुनवाई में विद्युत नियामक आयोग, पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन के अधिकारी और उपभोक्ता परिषद के प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे. इस दौरान घरेलू बिजली दरों में बढ़ोतरी होगी या नहीं, इस पर मंथन होगा.
इस बारे में उपभोक्ता परिषद अध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा का कहना है कि किसी भी हालत में प्रदेश में बिजली दरों में बढ़ोतरी नहीं होने दी जाएगी. स्मार्ट प्रीपेड मीटर का अतिरिक्त वित्तीय भार भी उपभोक्ताओं पर नहीं पड़ने दिया जाएगा. कहा है कि प्रदेश की बिजली कंपनियों पर उपभोक्ताओं का 50,000 करोड़ रुपये से अधिक का सरप्लस निकल रहा है, ऐसे में किसी प्रकार की दर वृद्धि न्यायसंगत नहीं है.
बताया कि बिजली वितरण कंपनियों की सुनवाई की तिथियों पर पूरे साक्ष्य के साथ नई बिजली दरों को लागू करने की पहल को खारिज किया जाएगा. उपभोक्ता परिषद अध्यक्ष ने कहा कि इस वर्ष की बिजली दर सुनवाई अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि बिजली कंपनियां लगभग 18,000 करोड़ रुपये के स्मार्ट प्रीपेड मीटर टेंडर को 27,000 करोड़ रुपये से अधिक में आवंटित कर उसका भार उपभोक्ताओं पर डालना चाहती हैं. परिषद इसका कड़ा विरोध करेगी. उत्तर प्रदेश में एक बार फिर पिछले सात वर्षों की तरह बिजली दरों में कोई वृद्धि नहीं होने दी जाएगी. अयोध्या में आयोजित पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन की सुनवाई में उपभोक्ता परिषद पूरी तैयारी के साथ भाग लेगी. वार्षिक राजस्व आवश्यकता (ARR) पर विद्युत नियामक आयोग के समक्ष प्रदेश के उपभोक्ताओं का पक्ष मजबूती से रखेगी.
ये हैं सुनवाई की तिथियां
- 9 मार्च को ग्रेटर नोएडा में पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड व नोएडा पावर कंपनी लिमिटेड सहित डाटा सेंटर की सुनवाई.
- 17 मार्च को बरेली में मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड की सुनवाई.
- 23 मार्च को वाराणसी में पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड की सुनवाई.
- 27 मार्च को कानपुर में कानपुर इलेक्ट्रिसिटी सप्लाई कंपनी की सुनवाई.
- 30 मार्च को झांसी में दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड की सुनवाई.
यह भी पढ़ें: WATCH; पुलिस से घिरे मर्डर के आरोपी ने तान दिया तमंचा, सरेंडर से पहले बोला-बीड़ी पी लूं

