मथुरा का गोवर्धन मुड़िया मेला कब से शुरू होगा?, कैसी रहेगी सुरक्षा, जानिए
गिरिराज जी की नगरी में मुड़िया मेला 2026 की तैयारियां तेज.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : July 9, 2026 at 11:45 AM IST
मथुरा: गिरिराज जी की नगरी में मुड़िया मेला 2026 को लेकर सभी तैयारियां तेजी से पूरी की जा रहीं हैं. इस संबंध में आगरा मंडल कमिश्नर और अपर पुलिस अधीक्षक ने राजस्व और पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. बता दें कि मुड़िया मेले में लाखों की संख्या में श्रद्धालु गिरिराज जी की परिक्रमा करने के लिए देश के कोने-कोने से यहां पहुंचेंगे. चलिए आगे जानते हैं इसके बारे में.
कब से कब तक चलेगा: बता दें कि गोवर्धन में इस बार मुड़िया मेले 2026 का आयोजन किया जा रहा है. यह मेला 23 जुलाई से 30 जुलाई तक आयोजित किया जाएगा. इसे लेकर तैयारियां अंतिम चरण में चल रही है.
राजकीय मेले की तैयारी की समीक्षा बैठक: बुधवार को आगरा रेंज अपर पुलिस महानिदेशक सुवेंद्र कुमार भगत और कमिश्नर नागेंद्र प्रताप जनपद के जिलाधिकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजस्व अधिकारी और पुलिस विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. बैठक में निर्देश दिया गया कि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा और परिक्रमा मार्ग में कोई अव्यवस्था ना हो. इसको लेकर कमर कसी गई है.
मुड़िया मेले में तैनात होंगे चार हजार पुलिसकर्मी: गिरिराज जी की नगरी गोवर्धन में 23 जुलाई से 30 जुलाई तक राजकीय गुरु पूर्णिमा मेला जिसे मुड़िया मेले के नाम से जाना जाता है. मेला क्षेत्र को 9 सुपर जॉन, 21 जोन, 62 सेक्टर में बांटा गया है. इस मेले में 6 स्थाई पुलिस चौकी और 37 अस्थाई पुलिस चौकी बनाई जाएगी.
इसके साथ ही मेले में 31 वाच टावर, 150 बैरियर ,183 सीसीटीवी कैमरे, 350 पी ए सिस्टम पुलिस विभाग हैंडोवर ,1281 एलईडी लाइट ,14 मिनी मास्टर लाइट, एक हाई मास्क लाइट, पांच खोया पाया केंद्र, 140 हैंडपंप पीने के पानी, 30 पानी के टैंकर, 17 आरओ प्लांट, 25 महिला टॉयलेट, तीन जन सुविधा केंद्र, 61 पार्किंग स्थल, 16 अस्थाई चिकित्सा सुविधा केंद्र, दो एनजी केंद्र, पांच मोटरसाइकिल एम्बुलेंस, 14 एम्बुलेंस, 1100 रोडवेज बस, 19 अग्निशमन वाहन, 54 गिरिराज वाहन, 6 हेल्थ मोबाइल, 600 ड्यूटी पॉइंट, 24 संचार व्यवस्था, 22 चिकित्सा शिविर, दो कंपनी पीएसी, एक कंपनी एसडीआरएफ, तीन सीसीटीवी कंट्रोल, नौ सब सीसीटीवी कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएंगे.
50 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचेंगे: गिरिराज जी की नगरी गोवर्धन में हर रोज हजारों की संख्या में श्रद्धालु 21 किलोमीटर की परिक्रमा करने के लिए आते हैं लेकिन गुरु पूर्णिमा का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा तो वहीं देश के कोने कोने से 50 लाख से अधिक श्रद्धालु परिक्रमा लगाने के लिए पहुंचेंगे श्रद्धालुओं को बेहतर सौदा और मेले को शांतिपूर्वक संपन्न करने के लिए पुलिस प्रशासन राजस्व अधिकारियों ने कमर कसी है.
अपर पुलिस महानिदेशक सुवेंद्र कुमार भगत ने बताया कि मंदिरों के संस्थापक संत समाज के लोगों के साथ बैठक की गई है. गोवर्धन में किसी प्रकार की कोई असुविधा श्रद्धालुओं को न हो. परिक्रमा के मार्गों को देखा गया है. मेले को कुशलतापूर्वक संपन्न कराया जाएगा. मेले में चप्पे-चप्पे पर कड़ी चौकसी होगी.

