ETV Bharat / state

Dhanteras 2026 Date : 6 या 7 नवंबर, कब है धनतेरस? इस दिन करें ये काम बरसेगी मां लक्ष्मी की असीम कृपा

Dhanteras 2026 दिवाली से पहले धनतेरस की तैयारियां जोरों पर है. ऐसे में जानें कैसे लक्ष्मी माता की आप पर असीम कृपा बरसेगी. रिपोर्ट- कृष्णनंदन

When Dhanteras 2026
कब है धनतेरस (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : November 5, 2026 at 12:21 PM IST

9 Min Read
Choose ETV Bharat

पटना : धनतेरस को लेकर लोगों के मन में यह सवाल रहता है कि किस समय खरीदारी करना सबसे अच्छा रहेगा, कौन-सी वस्तुएं खरीदनी चाहिए और शाम को किस तरह पूजा करनी चाहिए. आइए जानते हैं धनतेरस का पूरा पूजा विधान, खरीदारी के शुभ मुहूर्त और इससे जुड़ी धार्मिक मान्यताएं.

खरीदारी तक सीमित नहीं धनतेरस

दीपावली के पांच दिवसीय महापर्व की शुरुआत धनतेरस से होती है. कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि को मनाया जाने वाला यह पर्व धन, आरोग्य, सुख-समृद्धि और शुभता का प्रतीक है. आमतौर पर धनतेरस को सोना-चांदी, बर्तन, वाहन और अन्य नई वस्तुओं की खरीदारी के लिए विशेष दिन माना जाता है, लेकिन धार्मिक मान्यताओं में इसका महत्व केवल खरीदारी तक सीमित नहीं है.

ज्योतिषाचार्य पंडित राजन उपाध्याय से खास बातचीत (ETV Bharat)

विधि-विधान से करें पूजा

इस दिन भगवान धन्वंतरि, माता लक्ष्मी और धन के देवता कुबेर की पूजा-अर्चना का विधान है. मान्यता है कि विधि-विधान से पूजा, दीपदान और मंत्र जाप करने से घर में सुख-समृद्धि आती है और परिवार के सदस्यों को उत्तम स्वास्थ्य का आशीर्वाद मिलता है.

धनतेसर कब है ?

ज्योतिषाचार्य पंडित राजन उपाध्याय ने बताया कि इस बार धनतेरस 6 नवंबर को मनाया जाएगा. वाराणसी पंचांग के अनुसार, त्रयोदशी तिथि सुबह 11:06 बजे से शुरू हो रही है. ऐसे में इस दिन खरीदारी और पूजा-पाठ के लिए शुभ समय का विशेष ध्यान रखना चाहिए.

धनतेरस पर खरीदारी का शुभ मुहूर्त

पंडित राजन उपाध्याय ने बताया कि धनतेरस के दिन सुबह 10:18 बजे से 11:17 बजे तक राहुकाल रहेगा. इस दौरान खरीदारी और नए शुभ कार्यों की शुरुआत करने से बचना चाहिए. इसके बाद सुबह 11:22 बजे से दोपहर 1:07 बजे तक खरीदारी का अति शुभ विशेष मुहूर्त है.

When Dhanteras 2026
ईटीवी भारत GFX (ETV Bharat)

"जो लोग वाहन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, जमीन या मकान खरीदने की योजना बना रहे हैं, उनके लिए यह समय विशेष रूप से अति शुभ है. वहीं सोना, चांदी और अन्य आभूषण खरीदने के लिए शाम 5:41 बजे से 7:38 बजे तक का समय शुभ मुहूर्त है. कल की धनतेरस के दिन राहुकाल को छोड़कर सभी समय खरीदारी के लिए श्रेष्ठ है."- पंडित राजन उपाध्याय, ज्योतिषाचार्य

कब तक कर लें खरीदारी

हालांकि, ज्योतिषाचार्य राजन उपाध्याय का सुझाव है कि धनतेरस पर खरीदारी सूर्यास्त से पहले ही पूरी कर लेनी चाहिए. उनका कहना है कि शाम का समय माता लक्ष्मी की पूजा और आराधना के लिए होता है. धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस समय लक्ष्मी को अपने घर में विराजमान करने और उनकी पूजा करने का विधान है. इसलिए पूजा के समय खरीदारी के लिए घर से बाहर निकलने के बजाय घर में ही रहकर माता लक्ष्मी की आराधना करनी चाहिए.

इन चीजों का है विशेष महत्व

धनतेरस पर सोना-चांदी के अलावा कई ऐसी वस्तुएं खरीदने की परंपरा है, जिन्हें शुभता और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है. पंडित राजन उपाध्याय ने बताया कि इस दिन धातु की वस्तुएं खरीदना शुभ होता है, लेकिन इनमें पीतल का विशेष महत्व है. पीतल का जलपात्र पवित्र माना जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान धनवंतरी के हाथों में जो अमृत कलश है, वह पीतल का होता है. इसलिए इस दिन पीतल के बर्तन खरीदना विशेष फलदायी माना जाता है.

When Dhanteras 2026
ईटीवी भारत GFX (ETV Bharat)

इसके अलावा धनतेरस पर नारियल खरीदने की भी परंपरा है. ज्योतिषाचार्य बताते हैं कि नारियल को श्रीफल कहा जाता है और श्री का संबंध माता लक्ष्मी से है. इस कारण धनतेरस पर नारियल खरीदना शुभ माना जाता है. इसी तरह झाड़ू और धनिया खरीदने की भी परंपरा है. झाड़ू को माता लक्ष्मी का प्रतीक माना जाता है, जबकि धनिया को धन और समृद्धि से जोड़कर देखा जाता है.

खाली बर्तन न लाएं घर

एक खास बात यह भी है कि यदि कोई व्यक्ति धनतेरस पर धातु का बर्तन खरीदता है तो उसे खाली घर नहीं लाना चाहिए. ज्योतिषाचार्य पंडित राजन उपाध्याय ने कहा कि खरीदे गए पात्र में धनिया, सोने या चांदी का सिक्का डालकर घर में प्रवेश करना शुभ माना जाता है. इसके पीछे मान्यता है कि घर में खाली पात्र लाने के बजाय उसे समृद्धि के प्रतीक के साथ लाना चाहिए.

भगवान धन्वंतरि की पूजा का दिन

धनतेरस को भगवान धन्वंतरि की जयंती के रूप में भी मनाया जाता है. पंडित राजन उपाध्याय बताते हैं कि भगवान धन्वंतरि को आयुर्वेद का पितामह और आरोग्य का देवता माना गया है. समुद्र मंथन से भगवान धन्वंतरि अमृत कलश लेकर प्रकट हुए थे. इसलिए इस दिन उनकी पूजा करने का विशेष महत्व है. मान्यता है कि भगवान धन्वंतरि की आराधना करने से परिवार के सदस्यों को अच्छा स्वास्थ्य और दीर्घायु का आशीर्वाद प्राप्त होता है.

उन्होंने कहा कि शास्त्रों में धन के आठ स्वरूपों यानी अष्टलक्ष्मी का उल्लेख मिलता है. इनमें केवल भौतिक संपत्ति ही नहीं, बल्कि गृह सुख, संतान सुख, धैर्य, विजय और स्वास्थ्य जैसे सुख भी शामिल हैं. उनका कहना है कि सभी प्रकार के धन में स्वास्थ्य सबसे महत्वपूर्ण है.

यदि व्यक्ति के पास धन-संपत्ति तो है, लेकिन अच्छा स्वास्थ्य नहीं है तो वह उसका वास्तविक आनंद नहीं ले सकता. इसलिए धनतेरस पर भगवान धन्वंतरि की पूजा को केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि जीवन में आरोग्य के महत्व को समझने का अवसर भी माना जाना चाहिए.

अष्टलक्ष्मी किसे कहते हैं?

अष्टलक्ष्मी का अर्थ माता लक्ष्मी के आठ दिव्य स्वरूपों से है. धार्मिक मान्यताओं में माता लक्ष्मी को केवल धन और संपत्ति की देवी नहीं, बल्कि जीवन के अलग-अलग सुख, समृद्धि, शक्ति और ऐश्वर्य प्रदान करने वाली देवी माना गया है.

जानिए माता लक्ष्मी के आठ स्वरूप

अष्टलक्ष्मी के आठ स्वरूपों में आदि लक्ष्मी, धन लक्ष्मी, धान्य लक्ष्मी, गज लक्ष्मी, संतान लक्ष्मी, वीर लक्ष्मी (धैर्य लक्ष्मी), विजय लक्ष्मी और विद्या लक्ष्मी शामिल हैं. आदि लक्ष्मी को जीवन के मूल सुख और आध्यात्मिक समृद्धि का प्रतीक माना जाता है. धन लक्ष्मी भौतिक संपत्ति, सोना-चांदी और आर्थिक संपन्नता प्रदान करने वाली हैं.

Dhanteras 2026 Date
पंडित राजन उपाध्याय, ज्योतिषाचार्य (ETV Bharat)

धान्य लक्ष्मी अन्न, खाद्यान्न और कृषि की समृद्धि का प्रतीक हैं. गज लक्ष्मी को राजसी वैभव, प्रतिष्ठा और ऐश्वर्य से जोड़कर देखा जाता है. संतान लक्ष्मी परिवार में संतान सुख और वंश वृद्धि की कामना से जुड़ी हैं. वीर लक्ष्मी या धैर्य लक्ष्मी साहस, शक्ति और विपरीत परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखने का आशीर्वाद देती हैं. विजय लक्ष्मी जीवन के संघर्षों में सफलता और विजय का प्रतीक हैं, जबकि विद्या लक्ष्मी ज्ञान, शिक्षा, बुद्धि और विवेक प्रदान करने वाली मानी जाती हैं.

ज्योतिषाचार्य पंडित राजन उपाध्याय ने बताया कि अष्टलक्ष्मी की अवधारणा यह बताती है कि वास्तविक धन केवल बैंक बैलेंस, सोना-चांदी या संपत्ति तक सीमित नहीं है. इसमें परिवार का सुख, अच्छा स्वास्थ्य, ज्ञान, साहस और जीवन में संतुष्टि भी शामिल है. यही वजह है कि धनतेरस पर भगवान धन्वंतरि की पूजा को भी विशेष महत्व दिया गया है.

"क्योंकि उत्तम स्वास्थ्य ही वह आधार है जिसके सहारे व्यक्ति जीवन के दूसरे सुखों और समृद्धियों का आनंद ले सकता है. इस प्रकार धनतेरस पर भगवान धन्वंतरि से आरोग्य, माता लक्ष्मी से सुख-समृद्धि और भगवान कुबेर से धन-धान्य की कामना की जाती है."-पंडित राजन उपाध्याय, ज्योतिषाचार्य

धनतेरस की शाम ऐसे करें पूजा

पंडित राजन उपाध्याय ने कहा कि धनतेरस की शाम को माता लक्ष्मी और भगवान कुबेर की पूजा का विशेष विधान है. घर के पूजा स्थल को साफ-सुथरा कर भगवान धन्वंतरि, माता लक्ष्मी और भगवान कुबेर का स्मरण करना चाहिए. दीप जलाकर धूप, फूल, अक्षत और नैवेद्य अर्पित करना चाहिए. इसके बाद श्रद्धा के साथ भगवान की आराधना करनी चाहिए. इस दिन भगवान कुबेर की पूजा और साधना से धन-धान्य की प्राप्ति की कामना की जाती है.

पंडित राजन उपाध्याय ने बताया कि धनतेरस की शाम भगवान कुबेर के सामने चौमुखा दीपक जलाने का विशेष महत्व है. चार मुख वाला दीपक जीवन की चारों दिशाओं में प्रकाश और सकारात्मकता का प्रतीक माना जाता है.

इसके पीछे धार्मिक मान्यता है कि व्यक्ति भविष्य में जिस भी दिशा में आगे बढ़े, उसके रास्ते में अंधकार और बाधाएं न आएं तथा जीवन में खुशहाली बनी रहे. भगवान कुबेर की साधना के लिए ज्योतिषाचार्य ने एक विशेष मंत्र का जाप करने की सलाह दी है. उनके अनुसार स्फटिक की माला से इस मंत्र का 108 बार यानी एक माला जाप करना चाहिए.

कुबेर मंत्र का करें जाप

कुबेर मंत्र "ॐ कं कुबेराय वैश्रवणाय धनं धान्यं देहि देहि." का जाप करना चाहिए. इसके साथ ही माता लक्ष्मी के श्रीं बीज मंत्र का भी जाप करना शुभ माना जाता है. श्रीं माता लक्ष्मी का बीज मंत्र है. धनतेरस पर लक्ष्मी साधना के दौरान श्रद्धापूर्वक इसका जाप करने से सुख-समृद्धि और ऐश्वर्य की कामना की जाती है.

धनतेरस पर दीपदान क्यों है महत्वपूर्ण?

धनतेरस के दिन दीपदान की भी विशेष परंपरा है. इस दिन मिट्टी, पीतल या अन्य धातु के दीपक खरीदकर ब्राह्मण को दान करने का विधान बताया गया है. पंडित राजन उपाध्याय के अनुसार, दीपदान को पापों के हरण और जीवन में प्रकाश लाने का प्रतीक माना जाता है.

व्यक्ति अपनी श्रद्धा और सामर्थ्य के अनुसार एक, पांच, 11, 15 या अन्य शुभ संख्या में दीपक दान कर सकता है. इस दिन घर के मुख्य द्वार और पूजा स्थल पर दीप जलाया जाता है. इस तरह धनतेरस केवल सोना-चांदी और नई वस्तुओं की खरीदारी का पर्व नहीं है. यह स्वास्थ्य, धन, आरोग्य और पारिवारिक खुशहाली की कामना से जुड़ा त्योहार है. भगवान धन्वंतरि की पूजा के साथ पांच दिवसीय दीपावली का उत्सव शुभारंभ होता है.

ये भी पढ़ें

दिवाली में बिक रहा 'GOLD' वाला कचरा! दूसरे राज्यों से खरीदने बिहार आ रहे लोग

दिवाली और धनतेरस पर ऑफर्स की धूम, ग्राहकों की लगी भीड़.. जानिए क्या है ज्वेलर्स की नई स्कीम