VTR में अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम पर हमला, JCB फूंकी.. कई घायल
प. चंपारण के VTR में अतिक्रमण हटाने पर भारी बवाल, उग्र भीड़ ने JCB फूंकी, भारी पुलिस बल तैनात, फिलहाल काबू में हालात

Published : July 9, 2026 at 2:59 PM IST
प.चंपारण: बिहार के पश्चिम चंपारण स्थित वाल्मीकि टाइगर रिजर्व VTR के वाल्मीकिनगर वन क्षेत्र अंतर्गत ठाड़ी गांव के पास धनहिया में शुक्रवार को वन विभाग की अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई के दौरान बड़ा बवाल हो गया. वन विभाग की टीम और अतिक्रमणकारियों के बीच शुरू हुआ विरोध देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया.
जेसीबी मशीन में आग: बताया जा रहा है कि इस दौरान आक्रोशित लोगों ने कार्रवाई में लगी एक जेसीबी मशीन में आग लगा दी. इस घटना में दोनों पक्षों के करीब आधा दर्जन लोगों के घायल होने की सूचना है. दरअसल वन विभाग प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम VTR की वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने पहुंची थी. कार्रवाई शुरू होते ही स्थानीय लोगों ने विरोध शुरू कर दिया.
हालात नियंत्रित करना चुनौतीपूर्ण हुआ: जानकारी के अनुसार विरोध के दौरान देखते ही देखते सैकड़ों की संख्या में महिलाएं और ग्रामीण मौके पर जुट गए तथा वन विभाग की टीम को चारों ओर से घेर लिया. स्थिति बिगड़ने पर वाल्मीकिनगर थाना पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन भीड़ के उग्र तेवर के कारण हालात नियंत्रित करना चुनौतीपूर्ण हो गया.

अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती: घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ निहार भूषण तथा एसएसबी के कमांडेंट अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया और वन विभाग की टीम को सुरक्षित बाहर निकाला. इसके बाद क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल और वन कर्मियों की तैनाती कर दी गई.
वन विभाग की टीम को निकाला गया: एसडीपीओ निहार भूषण ने बताया कि अतिक्रमण हटाने गई वन विभाग की टीम और स्थानीय लोगों के बीच हल्की झड़प की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची. लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया है तथा वन विभाग की टीम को सुरक्षित निकाल लिया गया है.
"अतिक्रमण हटाने गई वन विभाग की टीम और स्थानीय लोगों के बीच हल्की झड़प की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची. लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया है तथा वन विभाग की टीम को सुरक्षित निकाल लिया गया है. फिलहाल हालात काबू में हैं."-निहार भूषण, एसडीपीओ
तनाव का माहौल: एसडीपीओ ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और वन अधिकारियों के साथ बैठक कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव बना हुआ है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वन भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रहेगी और कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
इसे भी पढ़ें-
बिहार में सड़कों पर उतरा प्रशासन का बुलडोजर, अतिक्रमण हटाओ अभियान से दुकानदारों में मचा हड़कंप
बिहार में मंत्री श्वेता गुप्ता के आवास पर चला बुलडोजर, सरकारी जमीन से हटा अतिक्रमण

