ETV Bharat / state

बिहार को मिली एक और अमृत भारत ट्रेन, भागलपुर-अहमदाबाद के बीच चलेगी, इन स्टेशनों पर ठहराव

भागलपुर-अहमदाबाद के बीच अब चलेगी साप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेस चलेगी. जमालपुर, सुल्तानगंज और अभयपुर में इसका ठहराव होगा. रिपोर्ट- प्रिंस दिलखुश

Bhagalpur to Ahmedabad Amrit Bharat
अमृत भारत एक्सप्रेस (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : August 20, 2026 at 1:40 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

मुंगेर: बिहार के भागलपुर को अहमदाबाद से जोड़ने वाली रेल कनेक्टिविटी को और मजबूत करते हुए रेलवे ने 19423/19424 अहमदाबाद–भागलपुर–अहमदाबाद साप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेस के परिचालन का निर्णय लिया है. यात्रियों की बढ़ती भीड़ और बिहार के पूर्वी हिस्से को गुजरात के प्रमुख औद्योगिक एवं आर्थिक केंद्र से जोड़ने के उद्देश्य से यह महत्वपूर्ण फैसला लिया गया है.

इन यात्रियों को मिलेगी गुजरात की सीधी रेल सुविधा: पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिबराम मांझी ने बताया कि यह ट्रेन वर्तमान में चल रही 09447/09448 अहमदाबाद–पटना–अहमदाबाद क्लोन स्पेशल साप्ताहिक ट्रेन को नियमित करते हुए अमृत भारत एक्सप्रेस के रूप में संचालित की जाएगी. इससे भागलपुर समेत मुंगेर और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को गुजरात की सीधी रेल सुविधा मिलने से काफी लाभ होगा.

26 अगस्त से शुरू होगी सेवा: सीपीआरओ शिबराम मांझी ने बताया कि 19423 अहमदाबाद-भागलपुर साप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेस प्रत्येक बुधवार को अहमदाबाद से शाम 6:30 बजे रवाना होगी. यह ट्रेन 26 अगस्त 2026 से प्रभावी होगी और तीसरे दिन सुबह 6:40 बजे भागलपुर पहुंचेगी.

भागलपुर से ट्रेन का समय: वहीं वापसी में 19424 भागलपुर–अहमदाबाद साप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेस प्रत्येक शुक्रवार को भागलपुर से शाम 4:45 बजे रवाना होगी. इसकी सेवा 28 अगस्त 2026 से शुरू होगी और तीसरे दिन सुबह 5:25 बजे अहमदाबाद पहुंचेगी.

इन तीन जगहों पर होगा ठहराव: सीपीआरओ ने बताया कि इस नई साप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेस का पूर्व रेलवे के क्षेत्राधिकार वाले मार्ग में अभयपुर, जमालपुर और सुल्तानगंज स्टेशनों पर ठहराव निर्धारित किया गया है. इससे मुंगेर जिले के यात्रियों के साथ-साथ लखीसराय, भागलपुर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को भी अहमदाबाद की सीधी रेल सेवा का लाभ मिलेगा.

व्यापार और रोजगार के लिए अहम कनेक्टिविटी: सीपीआरओ ने कहा कि भागलपुर को “भारत की सिल्क सिटी” के नाम से जाना जाता है और यह बिहार का प्रमुख व्यावसायिक केंद्र है. दूसरी ओर अहमदाबाद गुजरात का प्रमुख औद्योगिक एवं आर्थिक केंद्र है. दोनों शहरों के बीच सीधी साप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेस के नियमित परिचालन से व्यापार, रोजगार, शिक्षा और आवागमन के क्षेत्र में यात्रियों को बेहतर विकल्प मिलने की उम्मीद है.

"रेलवे के इस निर्णय से विशेष रूप से गुजरात में काम करने वाले बिहार के लोगों तथा व्यापारिक गतिविधियों से जुड़े यात्रियों को सुविधा मिलेगी. साथ ही भागलपुर, मुंगेर और आसपास के क्षेत्रों से गुजरात आने-जाने वाले यात्रियों को कनेक्टिविटी का एक और बेहतर विकल्प उपलब्ध होगा. 19424 भागलपुर–अहमदाबाद साप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेस के लिए टिकट बुकिंग की तिथि की घोषणा रेलवे द्वारा शीघ्र की जाएगी."-शिबराम मांझी, सीपीआरओ, पूर्व रेलवे

ये भी पढ़ें-

श्रावणी मेला 2026: शिव भक्तों के लिए रेलवे चलाएगा तीन और स्पेशल ट्रेनें, यहां देखें पूरा शेड्यूल

पूर्व रेलवे ने RRB अभ्यर्थियों को दी बड़ी राहत, 16 दिनों चलेगी परीक्षा स्पेशल ट्रेन.. देखें पूरा शेड्यूल