ETV Bharat / state

फरीदाबाद में तेज रफ्तार बनी आफत, ट्रॉली से टकराई स्विफ्ट कार, उड़े परखच्चे, शादी में जा रहे चार दोस्त घायल

फरीदाबाद में शादी में जा रहे चार दोस्तों की कार ट्रॉली से टकरा गई. हादसे में 4 युवक घायल हो गए.

FARIDABAD ROAD ACCIDENT
ट्रॉली से टकराई स्विफ्ट कार, उड़े परखच्चे (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : June 29, 2026 at 12:19 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

फरीदाबाद: शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब शादी समारोह में शामिल होने जा रहे चार दोस्तों की स्विफ्ट कार देर रात सड़क किनारे खड़े लोडिंग ट्रॉले से पीछे से टकरा गई. हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार युवक बुरी तरह फंस गए. दुर्घटना हार्डवेयर रोड पर हुई.

सेक्टर-56 के रहने वाले हैं सभी युवक: प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो कार में सवार चारों युवक बल्लभगढ़ के सेक्टर-56 के निवासी हैं. सभी एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे. इसी दौरान सड़क किनारे खड़े लोडिंग ट्रॉले से उनकी कार तेज रफ्तार में जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.

फरीदाबाद में तेज रफ्तार बनी आफत (ETV Bharat)

तीन युवक गंभीर, चालक आधे घंटे तक फंसा रहा: प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक युवक को मामूली चोटें आईं. प्राथमिक उपचार के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई. कार चला रहा चीकू हादसे के बाद करीब 30 मिनट तक वाहन के अंदर फंसा रहा. स्थानीय लोगों और पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला.

अस्पताल में चल रहा इलाज: वहीं, घायलों को तुरंत जिला नागरिक बादशाह खान अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है. गंभीर रूप से घायल युवकों की हालत को लेकर आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन का इंतजार किया जा रहा है.

ट्रॉली चालक हिरासत में: हादसे के बाद पुलिस ने लोडिंग ट्रॉला चालक को हिरासत में ले लिया है. मुजेसर थाना पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दुर्घटना तेज रफ्तार, लापरवाही या सड़क किनारे ट्रॉला खड़ा होने के कारण हुई. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं.

जांच में जुटी पुलिस: मामले में पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया, "देर रात हमें सड़क हादसे की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को जिला नागरिक बादशाह खान अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. हादसे में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हैं, जबकि एक को मामूली चोट आई है. ट्रॉली चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच की जा रही है."

ये भी पढ़ें: फरीदाबाद में पत्नी से परेशान कपड़ा कारोबारी ने की खुदकुशी, मौत से पहले वीडियो बनाकर लगाया प्रताड़ना का आरोप