जयपुर समेत कई जिलों में कोहरे का पहरा, मौसम विभाग का अलर्ट... जानिए आगे क्या रहेगा हाल
प्रदेश में कड़ाके की सर्दी के बीच 24 जिलों के स्कूल बंद हैं.

Published : January 7, 2026 at 1:13 PM IST
|Updated : January 7, 2026 at 1:49 PM IST
जयपुर: राजस्थान में घने कोहरे और शीतलहर के कारण जनजीवन पर काफी असर देखा जा रहा है. बुधवार को राजधानी में गलन वाली सर्दी का असर तेज हो गया. यहां सुबह और शाम सर्द हवाओं ने लोगों को ठिठुरा दिया. राजस्थान के कई जिलों में रात और दिन के तापमान में पांच से नौ डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है. सर्द हवाओं के साथ घने कोहरे ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया. 20 जिलों में कोहरे और शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. सर्दी के कारण राज्य के 24 जिलों में स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया या बड़ी कक्षाओं के समय में बदलाव किया गया है. दूसरी ओर प्रदेश के माउंट आबू में पारा लगातार पांचवें दिन जमाव बिंदु के करीब 3 डिग्री के आसपास रहा.
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, आगामी चार दिन 20 जिलों में घने कोहरे के साथ सर्द हवाओं का असर रहेगा. बीते चौबीस घंटे के दौरान राज्य में सर्वाधिक तापमान बाड़मेर में 25.1 डिग्री सेल्सियस रहा, वहीं न्यूनतम तापमान सीकर में 4.5 और लूणकरणसर में 4.09 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. राजधानी जयपुर की बात करें, तो मंगलवार रात यहां 6.2 डिग्री सेल्सियस पर पारा रहा.
जयपुर में कोहरे का कहर जारी: जयपुर सहित कई जिलों में तीसरे दिन भी घना कोहरा रहा और शीतलहर से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित नजर आया. मौसम विभाग ने राज्य के 21 जिलों में कोहरे को लेकर ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया. जयपुर और आसपास के इलाकों में सर्द हवाओं से गलन और ठिठुरन का एहसास बढ़ा है. जयपुर के ज्यादातर इलाके सुबह से कोहरे की चादर ओढे दिखे और यहां अलग-अलग इलाकों में दृश्यता बेहद कम रही.
VIDEO | Rajasthan: State capital Jaipur witnesses zero visibility due to dense fog causing inconvenience to commuters.#Fog #WeatherUpdate #Jaipur
— Press Trust of India (@PTI_News) January 7, 2026
(Full video available on PTI Videos - https://t.co/n147TvrpG7) pic.twitter.com/twXvTLjRoI
रेंगते दिखे वाहन: इस बीच सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए. साथ ही ट्रेन और हवाई सेवाएं प्रभावित रही. जयपुर के नजदीक ग्रामीण इलाकों की बात करें, तो अल सुबह विजिबिलिटी के कम होने के कारण लोगों को रोजमर्रा के कामों को देरी से शुरू करना पड़ा. इस बीच फुलेरा, बगरू, जोबनेर,चौमूं, चाकसू और बस्सी समेत कई क्षेत्रों में धुंध का व्यापक असर दिखा. सांभर में घने कोहरे के कारण आगे चल रही रोडवेज से बाइक से टकरा गई. इससे बाइक सवार छात्र रोहित जाट गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे राहगीरों ने उप जिला अस्पताल पहुंचाया.
VIDEO | Rajasthan: Dense fog shrouds Jaipur and adjoining areas affecting rail and road traffic. Morning visuals from Ajmerpura.#Fog #WeatherUpdate #JaipurNews
— Press Trust of India (@PTI_News) January 7, 2026
(Full video available on PTI Videos - https://t.co/n147TvrpG7) pic.twitter.com/WqxEjkXLYh
पढ़ें:सीकर में पारा शून्य से नीचे पहुंचा, अभी नहीं मिलेगी शीतलहर से राहत
जयपुर एयरपोर्ट पर घना कोहरा: बुधवार सुबह जयपुर एयरपोर्ट पर महज 50 मीटर की दृश्यता के कारण उड़ानों पर असर दिखा. यहां सुबह 8 फ्लाइट पर असर पड़ा और दोनों तरफ के रनवे पर 225 मीटर रनवे विजुअल रेंंज दर्ज की गई. यही कारण रहा कि आज ATR श्रेणी के एयरक्राफ्ट्स का संचालन गड़बड़ाया हुआ दिखा. सुबह 6:25 बजे इंदौर की फ्लाइट 6E-7744 वक्त पर रवाना नहीं हो सकी तो सुबह 6:55 बजे उदयपुर की फ्लाइट 6E-7465 भी प्रभावित हुई. इसके अलावा सुबह 6:40 बजे गुवाहाटी की फ्लाइट 6E-748 की उड़ान पर भी असर दिखा. कोहरे और ठंड के बीच मुसाफिर एयरपोर्ट पर परेशान दिखे.

यहां शीतलहर का असर: मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने शीतलहर को लेकर फिलहाल 10 जनवरी तक राहत नहीं मिलने की उम्मीद जताई है. प्रदेश के अलवर, बारां, बूंदी, दौसा, डीग, धौलपुर, जयपुर, झालावाड़, झुंझुनू, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटा, सवाई माधोपुर , सीकर, टोंक, उदयपुर, बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर जिले में घने कोहरे के साथ शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम केंद्र के अनुसार, पांच शहरों में रात का न्यूनतम तापमान चार डिग्री से कम दर्ज किया गया है.

पढ़ें: पश्चिमी विक्षोभ का असर: राजस्थान के कई जिलों में मावठ, मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट
बूंदी में बढ़ाई स्कूलों की छुट्टी: उधर, बूंदी जिले में शीतलहर के प्रकोप को देखते जिला प्रशासन ने पहली से आठवीं तक के विद्यार्थियों के लिए अवकाश की अवधि 3 दिन बढ़ा दी. अब जिले के सभी राजकीय एवं गैर-राजकीय विद्यालयों में आठवीं तक के विद्यार्थियों के लिए 10 जनवरी तक अवकाश रहेगा. जिला शिक्षा अधिकारी कुंजबिहारी भारद्वाज ने बताया कि कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए विद्यालय संचालन नियमित रहेगा. विद्यार्थियों की सेहत को ध्यान में रखते हुए सावधानियां बरतने को कहा गया है. इधर, बूंदी और आसपास पारे में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है. सुबह और रात में कड़ाके की सर्दी के साथ घना कोहरा छाया रहने से जनजीवन प्रभावित हो रहा है. मौसम विभाग ने कहा कि आगामी दिनों में शीतलहर का असर और बढ़ सकता है. न्यूनतम तापमान और गिरने की संभावना है.


