ETV Bharat / state

राजस्थान में सर्दी का सितम जारी, कई जिलों में घना कोहरा, विजिबिलिटी @ 20 मीटर

प्रदेश में सोमवार सुबह का आगाज घने कोहरे के साथ हुआ. अधिकतम तापमान बाड़मेर में 33.4 और न्यूनतम सिरोही में 8.9 डिग्री रहा.

morning was covered in a blanket of fog
सुबह रही कोहरे की चादर (ETV Bharat Jaipur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : December 22, 2025 at 2:23 PM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर: राजस्थान घने कोहरे की चपेट में है. सोमवार सुबह से जयपुर समेत कई जिलों में कोहरा छाया रहा. राजधानी के बाहरी इलाकों में विजिबिलिटी 20 मीटर से कम रही. मौसम विभाग की जयपुर केंद्र की रिपोर्ट के मुताबिक, बीते 24 घंटे के दौरान राज्य में मौसम भले शुष्क बना रहा, लेकिन मध्यम से घने कोहरे की उपस्थिति दर्ज की गई. उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और घने कोहरे के कारण प्रदेश के तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है. रात के न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जबकि दिन के पारे में गिरावट आई है. इस बीच राज्य में अधिकतम तापमान बाड़मेर में 33.4 और न्यूनतम सिरोही में 8.9 डिग्री रहा. जयपुर में आज सुबह वाहनों पर ओस की बूंदें गिरी. ये हल्की परत के रूप में जमी नजर आई.

पश्चिमी विक्षोभ से घना कोहरा: आज सुबह जयपुर शहर में शीतलहर और घने कोहरे चादर पूरे शहर को अपने आगोश में लिए रही. दिल्ली रोड इलाके में आमेर महल कोहरे की आगोश में लिपटा दिखा और पहाड़ी के नीचे खड़े लोगों को आमेर महल के दीदार नहीं हो सके. सांगानेर और वाटिका समेत आसपास के गांवों में कोहरे के कारण वाहन डीपर और लाइट जलाकर निकलते देखे गए. राजधानी में सुबह की दिनचर्या कोहरे से प्रभावित हुई. जिले का दूदू कस्बा कोहरे के आगोश में लिपटा दिखा, जहां बादलों के बीच झांकते सूरज ने कई जगह अलाव जलाकर लोगों को तापने को मजबूर कर दिया. NH-48 पर विजिबिलिटी कम होने के कारण वाहन चालक परेशान रहे.

राजस्थान में घना कोहरा (ETV Bharat Jaipur)

पढ़ें:ठिठुरा राजस्थान : 24 दिसंबर से पारा गिरने से और बढ़ेगी सर्दी, घने कोहरे और शीतलहर का अलर्ट

दिन का पारा लुढ़का: मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि जयपुर में कल मौसम सामान्य रहा. दिन में तेज धूप खिली. इसके बावजूद दिन का तापमान लुढ़का. रात का तापमान सामान्य के करीब रहा. अधिकतम तापमान 2.5 डिग्री की गिरावट के साथ 26.1 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया.

कोहरा का यहां असर: मौसम विभाग के जयपुर केंद्र के अनुसार फिलहाल प्रदेश में सुबह कोहरे का असर बना रहेगा. मध्यम से घने कोहरे के बीच हल्के बादल छाए रहेंगे. जैसलमेर, फलोदी, बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनू, सीकर, डीडवाना, अजमेर, ब्यावर, भीलवाड़ा, टोंक, जयपुर, कोटपुतली, दौसा, करौली, धौलपुर, बूंदी, सवाई माधोपुर, अलवर और खैरथल जिलों में मध्यम से घना कोहरा छाए रहने के आसार हैं.

पढ़ें:कोहरे की आगोश में लिपटा पश्चिमी राजस्थान , IMD ने जारी किया अलर्ट , जानें अपने शहर का हाल

जयपुर एयरपोर्ट पर असर: सोमवार सुबह जयपुर एयरपोर्ट के आसपास घना कोहरा छाए रहने के कारण उड़ानों पर व्यापक असर नजर आया. फ्लाइट्स का शेड्यूल गड़बड़ाने के कारण कई उड़ानों में देरी देखने को मिली तो कुछ को डायवर्ट किया गया. आज सुबह एयरपोर्ट पर रन-वे पर विजिबिलिटी घटकर 225 मीटर हुई.

ये उड़ानें प्रभावित

  • 22 दिसंबर की सुबह जयपुर एयरपोर्ट पर इंडिगो अहमदाबाद की फ्लाइट 6E-7217 5 घंटे 20 मिनट लेट
  • इंडिगो देहरादून की फ्लाइट 6E-7274 3 घंटे लेट
  • इंडिगो जैसलमेर की फ्लाइट 6E-7675 2 घंटे 20 मिनट लेट
  • इंडिगो चंडीगढ़ की फ्लाइट 6E-7718 डेढ़ घंटे लेट
  • जयपुर में कोहरे के कारण 1 घंटे से ज्यादा होल्ड पर रहने के बाद इंडिगो की अहमदाबाद से जयपुर फ्लाइट 6E-7114 को डायवर्ट किया. इसे अहमदाबाद के लिए डायवर्ट किया
  • इंडिगो की इंदौर से जयपुर फ्लाइट 6E-7274 को भोपाल के लिए डायवर्ट किया

पढ़ें:माउंट आबू के कई इलाकों में पारा 0 से नीचे, जमी बर्फ की चादर, पर्यटक ले रहे आनंद

कल से बढ़ेगी सर्दी: मौसम विभाग के अनुसार आज आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. आज कोहरे की भी संभावनाएं है. इस कारण अधिकतम और न्यूनतम तापमान में ज्यादा बदलाव के आसार नहीं है. मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ का असर आज भी रहेगा. इससे कुछ हिस्सों में हल्के बादल छाए रहने की संभावना है. विभाग का कहना है कि 23 दिसंबर से उत्तर भारत से सर्द हवाओं का प्रभाव बढ़ेगा. इससे न्यूनतम तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़केगा. उत्तर-पूर्वी और उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छा सकता है.

रात का तापमान 5 डिग्री बढ़ा: पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर भारत में बादल छाए हैं. इससे उत्तरी हवा कमजोर पड़ गई. इसके चलते न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई. सुबह-शाम की सर्दी कम हो गई. कल कई शहरों में न्यूनतम तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि दर्ज की गई. राज्य में न्यूनतम तापमान की बात करें तो रविवार को पाली में 8 डिग्री और सिरोही में 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

Fog in the rural area of ​​Bhilwara
भीलवाड़ा के ग्रामीण इलाके में कोहरा (ETV Bharat Bhilwara)

पढ़ें:Weather Report : जानिए कब सक्रिय होगा नया पश्चिमी विक्षोभ ? कई जिलों का तापमान 30 डिग्री के पार

सरसों के लिए फायदेमंद: उधर, भीलवाड़ा जिले में सीजन का पहला कोहरा छाया. इससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ. भीलवाड़ा, गुलाबपुरा, रायला, आसींद, मांडल, करेड़ा, गंगापुर, मांडलगढ़, बिजौलिया, शाहपुरा व जहाजपुर क्षेत्र में सोमवार अल सुबह से घना कोहरा छाया. जिले से गुजरने वाले जयपुर-चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा-कोटा व भीलवाड़ा-राजसमंद राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई. कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक विनोद कुमार जैन ने कहा कि कोहरे से सरसों की फसल में को पाले से नुकसान की आशंका भी कम हो जाएगी.