यूपी में करवट ले रहा मौसम; कोहरे ने दी दस्तक, अगले 3 दिनों में बढ़ेगी ठंडक
चक्रवाती तूफान 'अर्णव' का असर अब हुआ खत्म, जानें प्रदेश के मौसम का हाल

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : November 2, 2026 at 10:12 AM IST
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान पूर्वी संभाग के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई. वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 1-2 स्थानों पर बहुत हल्की बारिश हुई. ज्यादातर जिलों में मौसम ड्राई रहा. दिन के समय बादलों की आवाजाही रही. जिससे अधिकतम तापमान में विशेष वृद्धि नहीं हुई. वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में सुबह के समय छिछला कोहरा छाया रहा. वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश के आइसोलेटेड स्थान पर भी हल्का कोहरा छाया रहा.

ठंडक में होगी वृद्धि: मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार सोमवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश के 1-2 जिलों में बहुत हल्की बारिश होने की संभावना है. सुबह के समय हल्की धुंध छाई रहेगी. आने वाले दो-तीन दिनों के अंदर अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि होगी. वहीं न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की कमी दर्ज की जाएगी. जिससे रात और सुबह के समय पढ़ने वाली ठंडक में हल्की वृद्धि होगी.
लखनऊ का मौसम: राजधानी लखनऊ में रविवार को सुबह के समय हल्की धुंध छाई रही, इसके बाद बादलों की आवाजाही भी रही. अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस कम है. वहीं न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक है.
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार सोमवार को सुबह के समय हल्की धुंध छाई रहेगी, दिन में आसमान साफ रहेगा, धूप खिलेगी अधिकतम तापमान 30 और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
आगरा सबसे गर्म जिला: रविवार को प्रदेश का आगरा सबसे अधिक गर्म जिला रहा, जहां पर अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 1 डिग्री सेल्सियस कम है. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान मुजफ्फरनगर जिले में 14.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक है.
मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल सिंह ने बताया कि चक्रवाती तूफान अर्णव का असर समाप्त हो रहा है. मौसम साफ होने से आगामी 2 दिनों में अधिकतम तापमान में 2-4°C क्रमिक बढ़ोत्तरी होने जबकि न्यूनतम तापमान में इतनी ही गिरावट आने के साथ सुबह हल्का से मध्यम कोहरा पड़ने की संभावना है.
ये भी पढ़ें- यूपी में थमा चक्रवात अर्नब का असर, अब सर्दी और कोहरे का सितम होगा शुरू

