बजट से पहले बदला मौसम का मिजाज, तेज हवाओं के साथ बारिश, बढ़ेगी ठिठुरन, जानिए अपने जिले का हाल
तिलहन की खेती करने वाले किसान असमय हुई बारिश से परेशान हैं. सब्जी की फसल में कीड़े लगने की संभावना बढ़ सकती है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : February 23, 2026 at 6:05 PM IST
सूरजपुर: छत्तीसगढ़ का बजट कल पेश होने वाला है. बजट से पहले आज मौसम का मिजाज बदल गया. मौसम के अचानक करवट लेने से तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई. तेज हवाओं के साथ हुई बारिश के चलते सर्दी बढ़ गई. लोगों का कहना है कि इस बारिश की वजह से एक बार फिर सर्दी रिटर्न होगी और सुबह शाम में ठिठुरन भी बढ़ सकती है. असमय हुई बारिश की वजह से तापमान कम होगा, जिसका असर आम लोगों के जनजीवन पर पडे़गा.
तेज हवाओं के साथ हुई बारिश
बारिश को लेकर जहां कुछ किसान खुश हैं वहीं कुछ किसान दुखी भी हैं. तिलहन की फसल लगाने वाले डरे हुए हैं कि बारिश ज्यादा होगी तो उनकी फसल चौपट हो जाएगी. जबकि कुछ किसान थोड़े खुश भी हैं. उनका कहना है कि जमीन में नमी बढ़ने से सिचाई करने की फिलहाल जरुरत नहीं होगी. इस बारिश से जमीन में कुछ दिनों तक नमी बनी रहेगी. सब्जी लगाने वाले किसानों को फसलों में कीड़े लगने का डर सताने लगा है. टमाटर, आलू, गोभी और हरी सब्जियों पर बारिश का बुरा असर पड़ सकता है.
मौसम विभाग ने किया सावधान
मौसम विभाग के अनुसार आगामी कुछ दिनों तक आसमान में बादल छाए रहने के आसार हैं, इसके साथ हल्की बारिश की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता. ऐसे में लोगों को ठंड से बचाव के लिए सतर्क रहने की सलाह दी गई है, वहीं किसानों को भी अपनी फसलों की देखभाल के लिए जरूरी एहतियात बरतने की जरूरत बताई गई है,
हल्की बारिश की जताई संभावना
प्रदेश में अगले 3 दिनों में अधिकतम तापमान में 2°C की गिरावट होने और आने वाले कुछ दिनों में 2-3 °C की तापमान में वृद्धि होने की संभावना जताई गई है. प्रदेश में अगले 7 दिनों में न्यनूतम तापमान में कोई बदलाव नहीं होने की संभावना जताई गई है. आने वाले 2 से 3 दिनों में प्रदेश के कुछ जिलों के मौसम में बदलाव हो सकता है, हल्की बारिश भी हो सकती है.
बड़े शहरों का अधिकतम और न्यूनतम तापमान
- रायपुर का अधिकतम तापमान 34.8 और न्यूनतम 20.6 डिग्री
- माना एयरपोर्ट का अधिकतम तापमान 33.8 और न्यूनतम 18.2 डिग्री
- बिलासपुर का अधिकतम तापमान 33.4 और न्यूनतम 19.4 डिग्री
- पेंड्रारोड का अधिकतम तापमान 32.1 और न्यूनतम 16.4 डिग्री
- अंबिकापुर का अधिकतम तापमान 30.2 और न्यूनतम 13 डिग्री
- जगदलपुर का अधिकतम तापमान 34.6 और न्यूनतम 17.4 डिग्री
- दुर्ग का अधिकतम तापमान 34.2 और न्यूनतम 15.6 डिग्री
- राजनांदगांव का अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 18.5 डिग्री दर्ज किया गया.

