वायनाड लैंडस्लाइड: हिमाचल के राहुल शर्मा का तीसरे दिन शव बरामद, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
केरल के वायनाड लैंडस्लाइड हादसे में तीसरे दिन मलबे से राहुल शर्मा का शव मिलने से परिवार की अंतिम उम्मीद भी हुई खत्म.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : July 9, 2026 at 2:59 PM IST
मंडी: केरल के वायनाड जिले के निथर क्षेत्र में हुए भीषण लैंडस्लाइड हादसे में लापता हिमाचल प्रदेश के इंजीनियर राहुल शर्मा का शव तीसरे दिन बरामद हो गया है. राहुल शर्मा मंडी जिला स्थित रिवालसर के रहने वाले थे और वायनाड में बतौर इंजीनियर कार्यरत थे. वायनाड में लैंडस्लाइड के दौरान वो मलबे की चपेट में आ गए थे और तब से लापता थे. पिछले तीन दिनों से राहत एवं बचाव दल लगातार उनकी तलाश में जुटे हुए थे. वहीं, आज राहुल शर्मा का शव मिलने के साथ ही परिवार की अंतिम उम्मीद भी टूट गई और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई.
पिता और मामा पहुंचे वायनाड
वायनाड लैंडस्लाइड हादसे की सूचना मिलते ही राहुल के पिता और मामा केरल पहुंच गए थे. उनकी पत्नी पहले से ही घटनास्थल पर मौजूद थीं और बचाव अभियान की हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए थीं. परिवार को अंतिम समय तक किसी चमत्कार की उम्मीद थी, लेकिन गुरुवार को शव मिलने के साथ ही वो उम्मीद भी टूट गई और इस खबर ने सभी को गहरे सदमे में डाल दिया है. राहुल शर्मा के निधन की खबर से मंडी जिला के रिवालसर क्षेत्र सहित पूरे हिमाचल प्रदेश में शोक की लहर है.
"शवों का पोस्टमार्टम व्यथिरी तालुक अस्पताल में किया जाएगा और उन्हें कोझिकोड सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में सुरक्षित रखा जाएगा. गुरुवार को मिले शवों की पहचान बिहार के रहने वाले मोहम्मद इमरान अंसारी, जो एक एक्सकेवेटर ऑपरेटर थे और हिमाचल प्रदेश के रहने वाले राहुल शर्मा, जो कंस्ट्रक्शन कंपनी में इंजीनियर के तौर पर काम करते थे के तौर पर हुई है." - टी सिद्दीक, केरल मंत्री

परिवार का रो-रोकर बुरा हाल
राहुल के घर में मातम पसरा हुआ है. बेटे को खो देने के बाद मां का रो-रोकर बुरा हाल है. बेटे की याद में उनकी आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं. वहीं, बेटे के जाने के गम में पिता भी गहरे सदमे में हैं. राहुल की बहन भाई को याद कर बिलख रही है, जबकि पत्नी भी रो-रो कर बेहाल हो रही है. पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और रिश्तेदार लगातार उन्हें ढांढस बांधने की कोशिश कर रहे हैं.
मार्च महीने में हुई थी शादी
राहुल शर्मा के मामा राजवीर ने फोन के जरिए हुई बातचीत में बताया कि राहुल का शव बरामद हो गया है. वहीं, सबसे मार्मिक बात ये है कि राहुल शर्मा का इसी साल मार्च महीने में पूरे हर्षोल्लास के साथ विवाह हुआ था. परिवार ने नई बहू का स्वागत किया था और राहुल शर्मा की नई जिंदगी की शुरुआत हुई थी, लेकिन शादी के कुछ ही महीनों बाद यह दर्दनाक हादसा पूरे परिवार की खुशियां छीन ले गया. राहुल का छोटा भाई भी दुबई से भारत लौटने वाला है.
"इलाके के जोन 1 और 2 में तलाशी अभियान चलाया जाएगा. नदी के आस-पास भी तलाशी अभियान पर ध्यान दिया जाएगा." - एपी अनिल कुमार, केरल मंत्री
अब तक 6 लोगों के शव बरामद
गौरतलब है कि मंगलवार, 7 जुलाई को केरल में वायनाड टनल प्रोजेक्ट साइट पर भीषण लैंडस्लाइड हुआ था. जिसमें कई लोग मलबे में दब गए थे. अब तक लैंडस्लाइड की चपेट में आने से 6 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग अभी भी मलबे में दबे हुए हैं. एनडीआरएफ, फायर फोर्स, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीम आधुनिक मशीनों और प्रशिक्षित डॉग स्क्वॉड की मदद से मलबे की तलाश कर रही है. वहीं, लगातार बारिश के बीच राहत और बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण बना हुआ है.

