देहरादून में बारिश के बाद जलभराव, इलाकों में QRT तैनात, पानी वाले बैंड पर लगा लंबा जाम
उत्तराखंड में लगातार बारिश हो रही है. बारिश के कारण जगह जगह लैंडस्लाइड की घटनाएं हो रही हैं.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : August 30, 2026 at 7:12 PM IST
|Updated : August 30, 2026 at 7:22 PM IST
देहरादून/मसूरी: लगातार हो रही बारिश ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं. राजधानी देहरादून में बारिश के बाद जलभराव की स्थिति बन गई. जिसके बाद से जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है. आम लोगों की सुरक्षा और सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को फील्ड में सक्रिय रहने को कहा है. डीएम के निर्देश पर जिले के सभी QRT नोडल अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में स्थलीय निरीक्षण कर रहे हैं. वहीं, बारिश के कारण मसूरी-देहरादून मार्ग पर पानी वाले बैंड के पास भारी भूस्खलन होने से यातायात ठप हो गया.
देहरादून में जलभराव: देहरादून जिलाधिकारी बारिश की स्थिति की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं. फील्ड में तैनात अधिकारियों से लगातार अपडेट लिया जा रहा है. प्राप्त सूचनाओं के आधार पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं, ताकि जलभराव या आवागमन से जुड़ी समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जा सके. डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बारिश के दौरान सभी अधिकारी फील्ड में सक्रिय रहे और संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी करें. किसी भी स्थान से जलभराव या अन्य समस्या की सूचना मिलने पर अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करें.
देहरादून में बारिश के बाद जलभराव, इलाकों में QRT तैनात, पानी वाले बैंड पर लगा लंबा जाम@DehradunPolice@dmdehradun@pushkardhami@ukcmo
— ETVBharat Uttarakhand (@ETVBharatUK) August 30, 2026
खबर के लिए क्लिक करेंhttps://t.co/40dBCe29Xl pic.twitter.com/gaTDSjrdfv
जिलाधिकारी आशीष चौहान ने बताया है कि नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों के साथ ही सिंचाई विभाग, लोक निर्माण विभाग, ट्रैफिक पुलिस और अन्य संबंधित विभागों की टीमें भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रही हैं. साथ ही जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए हैं. प्रशासन का उद्देश्य बारिश के दौरान नागरिकों को सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध कराना है, ताकि जलभराव या अन्य कारणों से जनजीवन प्रभावित न हो.
प्रशासन की लोगों से अपील: जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से जलभराव वाले और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में जाने से बचें. किसी भी स्थान पर जलभराव, सड़क अवरोध या अन्य समस्या सामने आने पर इसकी सूचना संबंधित प्रशासनिक तंत्र को दें, ताकि मौके पर तत्काल कार्रवाई की जा सके.
मसूरी देहरादून मार्ग पर भूस्खलन के बाद बंद: रविवार को मसूरी-देहरादून मार्ग पर पानी वाले बैंड के पास भारी भूस्खलन होने से यातायात ठप हो गया. पहाड़ी से बड़ी मात्रा में मलबा और पत्थर सड़क पर आ गिरने से मार्ग बंद हो गया. सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. भूस्खलन की सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग की टीम जेसीबी लेकर मौके पर पहुंची. सड़क पर आए मलबे व बड़े पत्थरों को हटाने का काम शुरू किया. करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सड़क से मलबा हटाकर मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया गया. मार्ग खुलने के बाद जाम में फंसे वाहनों को धीरे-धीरे निकाला गया. यातायात सामान्य करने का प्रयास किया गया.
पढ़ें---

