ETV Bharat / state

'इलाज कराने आए हैं लेकिन यहां तो बीमारी बढ़ जाएगी', सदर अस्पताल में जलजमाव से मरीज परेशान

बारिश के बाद अररिया सदर अस्पताल में जलजमाव की स्थिति बन गई है. जिस वजह से मरीज और परिजन के साथ-साथ स्वास्थ्यकर्मी भी परेशान हैं.

Araria Sadar Hospital
अररिया सदर अस्पताल में जलजमाव (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : June 29, 2026 at 4:50 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

अररिया: बिहार के अररिया में बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है. जिले के सबसे बड़े सरकारी स्वास्थ्य संस्थान अररिया सदर अस्पताल में बारिश के बाद जलजमाव की समस्या एक बार फिर गंभीर हो गई है. अस्पताल परिसर में पोस्टमार्टम हाउस, एनआरसी (पोषण पुनर्वास केंद्र) वार्ड और रेबीज वैक्सीन कक्ष तक जाने वाले मार्ग पर पानी जमा होने से मरीजों, उनके परिजनों और अस्पताल कर्मियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

बारिश के कारण अस्पताल परिसर में जलजमाव: अस्पताल में प्रतिदिन जिले के विभिन्न क्षेत्रों से सैकड़ों मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं लेकिन जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी घंटों तक परिसर में जमा रहता है. मरीजों को गंदे पानी से होकर अस्पताल के विभिन्न विभागों तक पहुंचना पड़ता है.

बारिश के बाद अररिया सदर अस्पताल परिसर में जलजमाव (ETV Bharat)

परिसर में जलजमाव से बढ़ी परेशानी: पोस्टमार्टम के लिए आने वाले परिजनों को भी जलजमाव के बीच आवाजाही करनी पड़ रही है. वहीं, रेबीज का इंजेक्शन लगवाने आने वाले मरीजों और एनआरसी वार्ड में भर्ती बच्चों के परिजनों को भी काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.

"बारिश होते ही सदर अस्पताल परिसर तालाब में तब्दील हो जाता है. पोस्टमार्टम हाउस, एनआरसी वार्ड और रेबीज कक्ष तक जाने में काफी दिक्कत होती है."- मरीज के परिजन

जलजमाव बना परेशानी का सबब: जलजमाव के कारण कई स्थानों पर कीचड़ और फिसलन की स्थिति बनी हुई है, जिससे बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं, दिव्यांगों और छोटे बच्चों के साथ आने वाले परिजनों के गिरने का खतरा बना रहता है.

Araria Sadar Hospital
जलजमाव से मरीज और परिजन परेशान (ETV Bharat)

"अस्पताल में इलाज के लिए आने से पहले ही हमें जलजमाव और गंदगी जैसी समस्याओं से जूझना पड़ता है. सदर अस्पताल जैसे महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संस्थान में बुनियादी सुविधाओं का अभाव चिंताजनक है. प्रशासन को इस ओर ध्यान देना चाहिए."- मरीज के परिजन

क्या बोले स्थानीय?: वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में सदर अस्पताल की यही तस्वीर सामने आती है लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई. वे कहते हैं, 'समय पर जल निकासी नहीं होने से अस्पताल परिसर में गंदगी फैल रही है और मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ने लगा है, जिससे संक्रमण और अन्य मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है.'

स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से अस्पताल परिसर की जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने, नालियों की नियमित सफाई कराने और जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को राहत मिल सके.

ये भी पढ़ें: बिहार में मानसून की रफ्तार तेज, 25 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट