नगर पंचायत झगराखांड में पेयजल संकट गहराया, पार्षदों ने सीएमओ पर फोड़ा ठीकरा
एमसीबी जिले के नगर पंचायत झगराखांड में पीने के पानी की समस्या हो गई है.पार्षदों ने इसके लिए सीएमओ को जिम्मेदार माना है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : July 9, 2026 at 2:07 PM IST
मनेन्द्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर : नगर पंचायत झगराखांड इन दिनों भीषण पेयजल संकट से जूझ रहा है.इंटेकवेल की मोटर खराब होने से कॉलोनी वासियों के सामने पीने के पानी का संकट खड़ा हो गया है. गर्मी और बढ़ती पानी की जरूरत के बीच लोग बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं, जबकि जिम्मेदारों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है.
नगर पंचायत प्रशासन के खिलाफ पार्षदों ने खोला मोर्चा
इस मामले में हैरानी की बात ये है कि सत्ता पक्ष के ही पार्षद अब अपनी ही नगर पंचायत के प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल चुके हैं. वार्ड क्रमांक 12 के पार्षद देवनारायण सिंह और वार्ड क्रमांक 4 के पार्षद सुनील मिश्रा ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी राजेन्द्र पात्रे पर गंभीर आरोप लगाए हैं.

अधिकारियों की हठधर्मिता, उदासीन रवैये और निर्णय लेने में देरी के कारण नगर की मूलभूत व्यवस्थाएं चरमरा गई हैं. उनका आरोप है कि कई बार समस्या से अवगत कराने के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई- सुनील मिश्रा ,पार्षद वार्ड 04
दूसरी ओर मुख्य नगर पालिका अधिकारी राजेन्द्र पात्रे ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है.उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि कुछ पार्षद नियमों के विरुद्ध कार्य कराने का दबाव बना रहे हैं.

सरकारी खरीदी केवल GeM पोर्टल के माध्यम से ही की जा सकती है और बिना निर्धारित प्रक्रिया के कोई भी खरीद करना नियमों के खिलाफ है. यदि नियमों की अनदेखी कर खरीदी की जाती है तो ऑडिट में गंभीर आपत्तियां आती हैं और इसकी जवाबदेही अधिकारियों को उठानी पड़ती है- राजेंद्र पात्रे, सीएमओ
फिलहाल झगराखांड में पेयजल संकट से ज्यादा चर्चा अब इस बात की हो रही है कि जनता की समस्या का समाधान करने के बजाय जिम्मेदार एक-दूसरे पर आरोप लगाने में व्यस्त हैं.राजनीतिक और प्रशासनिक खींचतान के बीच सबसे अधिक परेशानी आम नागरिकों को उठानी पड़ रही है, जिन्हें हर दिन पानी के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है. अब देखना यह होगा कि नगर पंचायत इस संकट का समाधान कब तक करती है या फिर आरोप-प्रत्यारोप का यह सिलसिला जारी रहते हुए नगरवासियों की प्यास और बढ़ती जाएगी.
जीपीएम में आज भी बैगा समुदाय की नहीं सुधरी स्थिति, राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र पी रहे ढोढ़ी का पानी
तिरुपति बालाजी के दर्शन करने 2200 किमी की साइकिल यात्रा पर निकले मनेंद्रगढ़ के दो युवा

