ETV Bharat / state

अफसर गायब, जनता प्यासी: जवाहर पार्क में जल संकट हुआ गंभीर, बूंद-बूंद पानी को मोहताज हैं लोग

पानी की किल्लत के कारण, हालात ऐसे बन गए हैं कि लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी बुरी तरह प्रभावित हो चुकी है.

दिल्ली में पानी का संकट !
दिल्ली में पानी का संकट ! (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Delhi Team

Published : April 23, 2026 at 11:53 AM IST

|

Updated : April 23, 2026 at 1:52 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में गर्मी की शुरुआत के साथ ही पानी का संकट भी गहराने लगा है, दक्षिणी दिल्ली के जवाहर पार्क इलाके में हालात इतने खराब हो चुके हैं कि लोगों को अब सड़कों पर उतरना पड़ रहा है. पानी की किल्लत से परेशान लोगों ने दिल्ली जल बोर्ड के दफ्तर पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया.

गर्मी की दस्तक के साथ ही दिल्ली में पानी की समस्या एक बार फिर गंभीर होती जा रही है, जवाहर पार्क इलाके में लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं, स्थानीय निवासियों का कहना है कि उनका कनेक्शन पास होने के बावजूद भी उन्हें नियमित पानी की सप्लाई नहीं मिल रही.

जवाहर पार्क इलाके में पानी की किल्लत (ETV Bharat)

बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं. नौकरीपेशा लोग समय पर काम पर नहीं पहुंच पा रहे और घरों में पीने तक का पानी उपलब्ध नहीं है. इन्हीं समस्याओं से परेशान होकर आज बड़ी संख्या में लोग दिल्ली जल बोर्ड के दफ्तर पहुंचे जहां उन्होंने धरना प्रदर्शन कर अपना गुस्सा जाहिर किया.

स्थानीय लोगों ने कहा कि 'ये समझ नहीं आ रहा कि हमारे साथ भेदभाव क्यों किया जा रहा है, यहां के विधायक आम आदमी पार्टी के हैं, उन्होंने पहले नारियल फोड़कर काम की शुरुआत दिखाई थी, जबकि सांसद और मंत्री बीजेपी के हैं ऐसा लगता है कि इनकी आपसी राजनीतिक खींचतान में आम जनता पिस रही है, हम लोगों को पानी जैसी बुनियादी जरूरत के लिए तरसना पड़ रहा है.

प्रदर्शन के दौरान लोगों का गुस्सा साफ देखने को मिला
जल बोर्ड के एग्जिक्यूटिव इंजीनियर दफ्तर में मौजूद नहीं थे जिसके बाद नाराज़ लोगों ने उनकी कुर्सी पर “गायब” लिखकर विरोध जताया. लोगों का कहना है कि अधिकारी न तो दफ्तर में मिलते हैं और न ही उनकी समस्याओं को गंभीरता से लिया जाता है.

दिल्ली के जवाहर पार्क इलाके में पानी की किल्लत
दिल्ली के जवाहर पार्क इलाके में पानी की किल्लत (ETV BHARAT)

स्थानीय निवासियों ने कहा कि हमारे ट्यूबवेल भी उसी समय पास हुए थे लेकिन आज तक नहीं लगा और मंत्री जी के जानकार, जो बिल्डर हैं, उनके यहां तुरंत ट्यूबवेल लगा दिया गया. ये कैसा सिस्टम है आम जनता के साथ ये भेदभाव क्यों किया जा रहा है…?”

स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि इलाके में ट्यूबवेल लगाने में भी भेदभाव किया जा रहा है, कुछ लोगों को प्राथमिकता दी जा रही है, जबकि आम जनता परेशान है. पानी की इस किल्लत ने लोगों की जिंदगी को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है, लोगों का कहना है कि अब उन्हें अपने जरूरी काम छोड़कर पानी के इंतजाम में लगना पड़ रहा है.

वहीं, जब इस पूरे मामले पर दिल्ली जल बोर्ड के अधिकारियों से बात करने की कोशिश की गई तो उन्होंने कैमरे पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया हालांकि, ऑफ कैमरा उन्होंने कहा कि लोगों की समस्या को सुना गया है. और जल्द ही पानी की सप्लाई को सुधारने के लिए कदम उठाए जाएंगे.

जल बोर्ड के दफ्तर में अधिकारी नहीं मिले तो लोगों ने कुर्सी पर लिखा गायब
जल बोर्ड के दफ्तर में अधिकारी नहीं मिले तो लोगों ने कुर्सी पर लिखा गायब (ETV BHARAT)

जवाहर पार्क के लोगों का गुस्सा साफ बता रहा है कि अब उन्हें सिर्फ आश्वासन नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर ठोस समाधान चाहिए. जवाहर पार्क में पानी की किल्लत को लेकर लोगों का गुस्सा अब सड़कों पर नजर आ रहा है, लोगों का कहना है कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो प्रदर्शन और तेज किया जाएगा देखना होगा कि प्रशासन इस समस्या पर कितनी जल्दी और कितनी गंभीरता से कदम उठाता है.

ये भी पढ़ें- पीने का पानी उपलब्ध कराना पहली प्राथमिकता, CM ने कहा- 'विकसित दिल्ली' के निर्माण की दिशा में बढ़ाए कदम

ये भी पढ़ें- बेकार चीजों से बना बड़ा समाधान: अखरोट के छिलकों से साफ होगा गंदा पानी, DU छात्र ने किया इनोवेशन

Last Updated : April 23, 2026 at 1:52 PM IST