ठंड के मौसम में भी पानी को तरसता वार्ड 34, सैकड़ों परिवारों ने सीएम को लिखा पत्र
रांची के वार्ड संख्या 34 के लोगों को पानी की किल्लत झेलनी पड़ रही है. इसे लेकर लोगों ने सीएम को पत्र लिखा है.

Published : January 8, 2026 at 2:54 PM IST
रांची: राजधानी रांची में इन दिनों ठंड का मौसम है, लेकिन वार्ड संख्या 34 के लोगों की परेशानी कम नहीं हुई है. मौसम ठंडा होने के बावजूद इलाके में पानी की समस्या बनी हुई है, जिसने हजारों लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित कर रखा है. हालात इतने गंभीर हैं कि पाइपलाइन बिछने और आईटीआई बस स्टैंड के पास पानी की टंकी बनकर तैयार होने के बावजूद लोगों को अब तक नियमित पेयजल आपूर्ति नहीं मिल पा रही है.

टैंकर से भी नहीं हो रहा पानी की भरपाई
इसी समस्या को लेकर वार्ड 34 के सैकड़ों परिवारों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर जलापूर्ति शुरू कराने की मांग की है. वार्ड 34 के विद्यानगर, गंगानगर, यमुनानगर, कृष्णा नगर, बजरा और आसपास के इलाकों में रहने वाले लोग लंबे समय से पानी की किल्लत झेल रहे हैं.
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह इलाका हर साल ड्राई जोन की स्थिति में पहुंच जाता है. इस बार भी हालात अलग नहीं हैं. ठंड के मौसम में भी कई घरों में पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है, जिससे लोगों को अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. स्थायी जलापूर्ति व्यवस्था चालू नहीं होने के कारण लोग अब भी रांची नगर निगम की ओर से भेजे जाने वाले टैंकरों पर निर्भर हैं.
हालांकि टैंकर से मिलने वाला पानी जरूरत के हिसाब से पर्याप्त नहीं है. कई बार टैंकर तय समय पर नहीं पहुंचते, जिससे लोगों को वैकल्पिक स्रोतों से पानी की व्यवस्था करनी पड़ती है. ठंड के मौसम में भी सुबह-सुबह या देर शाम पानी जुटाने के लिए निकलना लोगों की मजबूरी बन गया है.

मुख्यमंत्री को लिखा गया पत्र
स्थानीय लोगों का आरोप है कि जलापूर्ति से जुड़ी योजनाएं सिर्फ कागजों तक सीमित रह गई हैं. इलाके में पाइपलाइन बिछ चुकी है और पानी की टंकी भी बनकर तैयार है, लेकिन इन्हें अब तक चालू नहीं किया गया. लोगों का कहना है कि अगर ठंड के मौसम में ही हालात ऐसे हैं, तो आने वाले समय में समस्या और गंभीर हो सकती है.
इसी चिंता को देखते हुए पूर्व पार्षद अरुण कुमार झा के नेतृत्व में इलाके में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया. इसके तहत सैकड़ों परिवारों ने एकजुट होकर मुख्यमंत्री को पत्र भेजा है. पत्र में मांग की गई है कि आईटीआई बस स्टैंड के पास बनी पानी की टंकी को तत्काल चालू कर वार्ड 34 के सभी प्रभावित मोहल्लों में नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए.

नगर निगम की ओर से मिला भरोसा
पूर्व पार्षद अरुण कुमार झा का कहना है कि वार्ड 34 पहले से ही ड्राई जोन क्षेत्र में आता है. इसलिए यहां स्थायी जलापूर्ति व्यवस्था बेहद जरूरी है. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो हालात और बिगड़ सकते हैं. इस पूरे मामले पर रांची नगर निगम के अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है.
निगम के अधिकारियों का कहना है कि वार्ड 34 में जलापूर्ति से जुड़ी समस्या हमारे संज्ञान में है. पानी की टंकी और पाइपलाइन को चालू करने की प्रक्रिया जारी है. तकनीकी और प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी होते ही नियमित पानी की आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी. फिलहाल वार्ड 34 के हजारों लोग ठंड के इस मौसम में भी पानी की स्थायी व्यवस्था का इंतजार कर रहे हैं और उम्मीद लगाए बैठे हैं कि जल्द ही उन्हें इस संकट से राहत मिलेगी.
ये भी पढ़ें: गिरिडीह: ठंड में पानी के लिए जद्दोजहद, खदान के अंदर से पानी निकाल रहे हैं लोग
लातेहार का आदिवासी बहुल गांव डोरम में पानी की किल्लत, खराब पड़े हैं जलमीनार
साहिबगंज में गंगा के पानी की शुद्धता की जांच, टीम ने जल को जलीय जीव के लिए बताया बेहतर

