ETV Bharat / state

झारखंड में भारी बारिश को लेकर गया में अलर्ट, कई नदियों में बढ़ सकता है जलस्तर

झारखंड में भारी बारिश को लेकर गया में अलर्ट जारी किया गया है. रिपोर्ट- रत्नेश कुमार

Rain alert in Gaya
गया में अलर्ट जारी (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : August 17, 2026 at 8:55 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

गया: झारखंड में भारी बारिश को लेकर गया में अलर्ट घोषित किया गया है. विभिन्न इलाकों में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने की संभावना जताई गई है. कई नदियों में बाढ़ आने से आसपास के निचले और संवेदनशील क्षेत्रों में जल स्तर बढ़ सकता है. इसे लेकर गया के डीएम ने अपने-अपने क्षेत्र में लगातार स्थिति की निगरानी करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया है.

भारी बारिश को लेकर गया में अलर्ट: गया जिला प्रशासन द्वारा इसे लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं. बताया गया है कि मौसम विभाग रांची के द्वारा जारी मौसम चेतावनी के अनुसार 18 अगस्त को प्रातः 8:30 बजे से लेकर 19 अगस्त को प्रातः 8:30 बजे तक झारखंड के कई जिलों में भारी से अत्यंत भारी वर्षा की संभावना है. इसे लेकर झारखंड कई जिलों में अलर्ट घोषित किया गया है.

Rain alert in Gaya
बारिश को लेकर गया में अलर्ट (ETV Bharat)

बाढ़ की स्थिति हो सकती है उत्पन्न: गया के डीएम शशांक शुभंकर द्वारा बताया गया है कि झारखंड में संभावित भारी से भारी वर्षा को देखते हुए गया जिले में विशेष सतर्कता बरती जा रही है. लगातार अधिक वर्षा की स्थिति में गया जिले के शेरघाटी अनुमंडल के विभिन्न प्रखंडों में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने की संभावना है.

वहीं, झारखंड के जल ग्रहण क्षेत्र में भारी वर्षा होने पर गया के फल्गु नदी के जलस्तर में भी तेजी से वृद्धि हो सकती है. इससे बोधगया के बतसपुर क्षेत्र और गया नगर क्षेत्र के फल्गु नदी के आसपास के निचले और संवेदनशील क्षेत्रों में जलस्तर बढ़ने की संभावना हो सकती है. इसे देखते हुए विशेष निगरानी की जा रही है.

पदाधिकारियों को अलर्ट रहने का निर्देश: वहीं, गया के डीएम शशांक शुभंकर ने सभी संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास प्राधिकारी, अंचलाधिकारी और अन्य संबंधित पदाधिकारी को पूरी तरह से अलर्ट रहने एवं अपने-अपने क्षेत्र में लगातार स्थिति की निगरानी करने का निर्देश दिया है.

उस स्थिति में संभावित जल जमाव एवं बाढ़ प्रभावित क्षेत्र को चिह्नित रखते हुए आवश्यक संसाधनों एवं राहत-बचाव व्यवस्था को तैयार रहने को भी निर्देशित किया गया है. सभी पदाधिकारी को बताया गया है कि नदी-नाले एवं जल जमाव वाले क्षेत्रों में स्थिति पर लगातार नजरे नजर रखें और किसी भी प्रकार की आपात स्थिति होने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.

मौसम विभाग रांची द्वारा जारी मौसम चेतावनी में 18 अगस्त को सुबह 8:30 से 19 अगस्त की सुबह के 8:30 बजे तक झारखंड के कई जिलों में भारी से अत्यंत भारी वर्षा की संभावना है. इसे लेकर सीमावर्ती गया जिले में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं.

"झारखंड में अत्याधिक बारिश से कई नदियों में बाढ़ की स्थिति और जलस्तर में तेजी से वृद्धि हो सकती है. इसे लेकर गया में संबंधित क्षेत्र में अलर्ट घोषित किया गया है. पदाधिकारियों को कई तरह के निर्देश दिए गए हैं. पूरी तरह से अलर्ट को कहा गया है."- शशांक शुभंकर, जिलाधिकारी, गया

ये भी पढ़ें: बिहार की 26 नदियों में पानी मापने लायक भी नहीं.. 10 पूरी तरह सूखी, मानसून के बावजूद कम बारिश