रेवाड़ी में भारी बारिश के बाद SDM के घर में घुसा पानी, पॉश इलाकों में पानी भरने से लोगों की बढ़ परेशानी
हरियाणा के रेवाड़ी में भारी बारिश के बाद एसडीएम की कोठी में पानी घुस गया.

Published : July 7, 2026 at 9:38 PM IST
|Updated : July 7, 2026 at 9:44 PM IST
रेवाड़ी : पिछले कई दिनों से मानसून की पहली वर्षा का बेसब्री से इंतजार कर रहे रेवाड़ी शहर के लोगों को मंगलवार को गर्मी से तो कुछ हद तक राहत मिली, पर करीब डेढ़ घंटे हुए झमाझम वर्षा में सड़कें एक तरह से दरिया बन गई. इस वर्षा में प्रशासनिक अधिकारियों के दावे धुल गए. निचले एरिया ही नहीं, बल्कि पॉश इलाकों तक में दो से तीन फीट कर पानी जमा हो गया. डबल फाटक अंडरपास में तो चार से पांच फीट तक पानी जमा हो गया, जिससे रेलवे लाइन के दूसरी शहर कॉलोनी में बसे लोगों की कनेक्टिविटी भी कट गई. वहीं सरकुलर रोड पर नाईवाली चौक, बस स्टैंड व धारूहेड़ा चुंगी के आसपास पानी जमा होने से शाम तक ट्रैफिक भी बाधित रहा.
जलभराव से परेशानी : शहर में करीब 13 एमएम वर्षा हुई. वर्षा के कारण तापमान भी लुढ़ककर 33 डिग्री सेल्सियस पर आ गया. मौसम विभाग की तरफ से नौ जुलाई तक भारी वर्षा का अलर्ट पहले ही जारी किया हुआ है. ऐसे अगले तीन दिन अगर तेज वर्षा होती है तो जलभराव के कारण परेशानी और बढ़ सकती है. बता दें कि प्रशासनिक अधिकारियों ने हर साल की तरह इस बार भी मानसून आने से पहले नालों की सफाई और जलभराव नहीं होने को लेकर तमाम दावे किए, लेकिन वर्षा ने इन दावों की हकीकत पेश कर दी.
एसडीएम की कोठी में भरा पानी : वर्षा के कारण बस स्टैंड के समीप एसडीएम की कोठी के सामने भी जलभराव हो गया. इतना ही नहीं रेलवे कालोनी, कुतुबपुर के निचले इलाकों में लोगों के घरों तक पानी पहुंच गया. वहीं पॉश इलाके मॉडल टाउन, सेक्टर एक, तीन, चार के अलावा भाड़ावास गेट, ब्रास मार्केट, ऑटो मार्केट, रेलवे रोड पर भी काफी ज्यादा पानी सड़कों पर जमा हो गया. डबल फाटक अंडरपास में ज्यादा पानी जमा होने से पंप सेट लगाकर देर शाम तक पानी को निकालने का प्रयास जारी रहा.
हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, लोकसभा चुनाव से जुड़ी हर ख़बर, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App
ये भी पढ़ें : हरियाणा में आज जमकर बरसे बादल, कई जिलों में बारिश से जलजमाव, लोग परेशान
ये भी पढ़ें:हरियाणा में मानसून हुआ मेहरबान, आज फिर 7 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, किसानों के लिए राहत

