झारखंड के उत्तर पूर्वी और मध्य हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी, पारा लुढ़का, रामगढ़ में जमकर बरसे बदरा
झारखंड में मौसम का मिजाज बदला हुआ है. कई जिलों में बारिश का दौर जारी है. जानें कैसा रहेगा आने वाले दिनों में मौसम.

Published : July 7, 2026 at 3:27 PM IST
रांचीः झारखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है. इस बदलाव की सबसे बड़ी वजह पूर्वी मध्य प्रदेश और उससे सटे क्षेत्रों पर बना मजबूत कम दबाव है. इसके साथ जुड़ा साइक्लोनिक सर्कुलेशन चक्रवाती समुद्र तल से करीब 9.6 किलोमीटर तक फैला हुआ है और अगले 24 घंटों में धीरे-धीरे पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ने की संभावना है. इसको देखते हुए कुछ इलाकों में भारी बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का भी अलर्ट जारी किया गया है.
आज कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
झारखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और आज यानी 7 जुलाई को राज्य के लगभग सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ मेघ गर्जन की संभावना जताई गई है. मौसम केंद्र ने उत्तर-पूर्वी और निकटवर्ती मध्य झारखंड के धनबाद, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा और चतरा जिले में कहीं-कहीं भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. इसके अलावा राज्य के अलग-अलग हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और वज्रपात का भी अलर्ट जारी किया गया है.

8 जुलाई को कई इलाकों में होगी बारिश
मौसम केंद्र के मुताबिक 8 जुलाई को भी राज्य के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और मेघ गर्जन का दौर जारी रहेगा. रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा, धनबाद, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज समेत कई जिलों में बारिश होने की संभावना है.
9 जुलाई को कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश
9 जुलाई को भी मौसम में खास बदलाव के आसार नहीं हैं. आसमान में बादल छाए रहेंगे और राज्य के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ मेघ गर्जन हो सकता है. हालांकि बारिश का दायरा 7 और 8 जुलाई की तुलना में कुछ कम रहने का अनुमान है.
रामगढ़ में सबसे ज्यादा बारिश रिकॉर्ड
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में रामगढ़ डीवीसी में सबसे अधिक 96.3 मिमी वर्षा दर्ज की गई. बोकारो थर्मल में सबसे अधिक 75.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. इसके अलावा लातेहार में 53.5 मिलीमीटर, रांची में 45 मिलीमीटर, चाईबासा में 42.3 मिलीमीटर, जमशेदपुर में 40.6 मिलीमीटर, कांके में 35.2 मिलीमीटर, सरायकेला में 21.5 मिलीमीटर, खूंटी में 20.5 मिलीमीटर और डाल्टनगंज में 16.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है.

डाल्टनगंज सबसे गर्म, लातेहार सबसे ठंडा
वहीं तापमान की बात करें तो पिछले 24 घंटे में डाल्टनगंज राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं रांची का अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री, जमशेदपुर का 30 डिग्री, बोकारो का 30.2 डिग्री और चाईबासा का 28.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. न्यूनतम तापमान की बात करें तो कांके में सबसे कम 19.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, लेकिन जिला के लिहाज से 23.2 डिग्री के साथ लातेहार में सबसे ज्यादा ठंडा रिकॉर्ड हुआ. जबकि रांची में 22.4 डिग्री, जमशेदपुर में 24.8 डिग्री और डाल्टनगंज में 24.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा.
मौसम केंद्र का कहना है कि अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा. इसके बाद अगले तीन दिनों में तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन फिलहाल राज्य में मानसून की सक्रियता बनी रहेगी और बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है.
ये भी पढ़ें-
रांची में लगातार बारिश, कई निचले इलाकों में जलजमाव
झारखंड पर मानसून मेहरबान, 8 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, कई इलाकों में बरसेंगे बादल
झारखंड में मानसून दिखाएगा दम, गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट, 5 और 6 जुलाई को भारी बारिश के संकेत

