हर बेघर को पक्का घर देने की पहल तेज, रांची में वार्ड स्तर पर 30 अप्रैल से लगेंगे विशेष कैंप
रांची में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत 30 अप्रैल से 7 मई तक अलग-अलग वार्डों में कैंप लगाएंगे जाएंगे.

Published : April 30, 2026 at 7:31 AM IST
रांची: रांची नगर निगम ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत शहर के विभिन्न वार्डों में विशेष कैंप आयोजित करने का फैसला लिया है. इस पहल का मुख्य उद्देश्य शहर के उन पात्र और वंचित परिवारों तक योजना का लाभ पहुंचाना है, जिनके पास आज तक पक्का मकान नहीं है या जो किसी कारणवश अब तक इस योजना से नहीं जुड़ सके हैं.
नगर निगम द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह अभियान वार्ड स्तर पर चलाया जाएगा, जिससे स्थानीय स्तर पर ही लोगों को आवेदन करने में सुविधा मिल सके. इन कैंपों में भारत सरकार द्वारा तय मानकों के अनुरूप लाभुकों से आवेदन प्राप्त किए जाएंगे और मौके पर ही जरूरी मार्गदर्शन भी दिया जाएगा.
पात्रता की शर्तें
योजना के तहत आवेदन परिवार के मुखिया के नाम से किया जाएगा, जिसमें पति, पत्नी और अविवाहित बच्चे शामिल होंगे. आवेदन करने वाले या उनके परिवार के किसी सदस्य के नाम पर देश में कहीं भी पक्का मकान नहीं होना चाहिए. इसके अलावा, जो लोग पहले किसी सरकारी आवास योजना का लाभ ले चुके हैं, वे इस योजना के लिए पात्र नहीं माने जाएंगे. वहीं, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के अंतर्गत आने वाले वे परिवार, जिनकी वार्षिक आय 3 लाख रुपये से कम है, इस योजना का लाभ उठा सकते हैं.
जरूरी दस्तावेज
आवेदन के लिए भूमि से संबंधित दस्तावेज, परिवार की फोटो, आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, बैंक खाता विवरण, आय प्रमाण पत्र, आवास होल्डिंग रसीद, स्व-प्रमाण पत्र और पक्का मकान नहीं होने का शपथ पत्र अनिवार्य होगा.
कैंप का शेड्यूल
नगर निगम द्वारा 30 अप्रैल से 7 मई 2026 तक विभिन्न वार्डों में चरणबद्ध तरीके से कैंप लगाए जाएंगे. अलग-अलग तिथियों पर अलग-अलग वार्डों के लिए स्थान निर्धारित किए गए हैं, जहां लाभुक पहुंचकर आवेदन कर सकते हैं.
नगर निगम की अपील
नगर निगम ने सभी योग्य नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वार्ड में आयोजित कैंप में पहुंचकर समय पर आवेदन करें और इस महत्वपूर्ण योजना का लाभ उठाएं. इस पहल के माध्यम से शहर में अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों को पक्के आवास की सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है.
ये भी पढ़ें- पीएम आवास की हकीकत: खादगढ़ा, न्यू मधुकम के 336 फ्लैटों में सुविधाओं का अकाल, नारकीय जीवन जीने को मजबूर गरीब
गिरिडीह में ठप पड़ा है पीएम आवास का काम! 6 साल में तैयार नहीं हो सका शहरी गरीबों का आशियाना
पीएम आवास योजना वर्टिकल-4: अधूरे मकानों को लेकर अधिकारियों की सख्ती, हर दिन की जाएगी फील्ड निगरानी

